वरवर राव अंतिरम ज़मानत के लिए बॉम्बे हाईकोर्ट पहुंचे- आज की बड़ी ख़बरें

वरवर राव

इमेज स्रोत, Getty Images

प्रकाशित
पढ़ने का समय: 8 मिनट

भीमा कोरेगांव मामले में गिरफ़्तार गंभीर रूप से बीमार कवि, लेखक और सामाजिक कार्यकर्ता 80 वर्षीय वरवर राव ने अंतरिम ज़मानत के लिए बॉम्बे हाईकोर्ट का दरवाज़ा खटखटाया है.

इससे पहले 26 जून को एनआईए कोर्ट ने मेडिकल ग्राउंड पर अंतरिम ज़मानत की उनकी अर्ज़ी को ख़ारिज कर दिया था.

वो पिछले क़रीब दो साल से मुंबई के तलोजा जेल में बंद हैं. शनिवार को उनकी तबीयत बहुत बिगड़ गई थी.

राव ने अपने वकील सत्यनारायण अय्यर के ज़रिए हाईकोर्ट में दो याचिकाएं दाख़िल की हैं.

एक में उन्होंने एनआईए कोर्ट के फ़ैसले को चुनौती दी है जिसने उनकी ज़मानत याचिक ख़ारिज कर दी थी.

दूसरी याचिका में उन्होंने कोर्ट से अपील की है कि वो तलोजा जेल के अधिकारियों को निर्देश दें कि जेजे अस्पताल से उनकी छुट्टी के बाद दो जून, 2020 के बाद की उनकी मेडिकल रिपोर्ट को पेश करें.

बिगड़ती तबीयत और कोरोना की आशंका के आधार पर उन्होंने अदालत से अंतरिम ज़मानत की अपील की है.

वरवर राव के परिवार वालों ने रविवार को एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस कर उनकी बिगड़ती हालत की जानकारी दी और उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधा दिए जाने की माँग की थी.

बीते 28 मई को वरवर राव की तबीयत ख़राब होने की वजह से उन्हें जेजे अस्पताल में भर्ती कराया गया था. लेकिन उनकी सेहत बेहतर होने से पहले ही उन्हें जेल वापस भेज दिया गया था.

इसके बाद राव के परिवार ने अदालत में उन्हें ज़मानत पर रिहा करने की अर्जी दी थी.

लेकिन नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी ने वरवर राव को भीमा कोरेगाँव केस में एक महत्वपूर्ण अभियुक्त क़रार देते हुए ज़मानत नहीं देने की अपील की थी.

दिल्ली दंगे: ताहिर हुसैन की ज़मानय याचिका ख़ारिज

ताहिर हुसैन

दिल्ली की एक अदालत ने दिल्ली दंगों के मामले में अभियुक्त और आम आदमी पार्टी के पूर्व पार्षद ताहिर हुसैन की ज़मानत याचिका ख़ारिज कर दी है.

पूर्वोत्तर दिल्ली में दंगों के दौरान आईबी के एक अधिकारी अंकित शर्मा की हत्या कर दी गई थी. ताहिर हुसैन इस मामले में भी अभियुक्त है.

दिल्ली पुलिस ने अपनी चार्जशीट में कहा है कि ताहिर हुसैन के ख़िलाफ़ इस मामले में पर्याप्त सबूत हैं. दिल्ली पुलिस का ये भी दावा है कि ताहिर हुसैन की अंकित शर्मा की हत्या में भूमिका थी.

अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश विनोद यादव ने ज़मानत याचिका ख़ारिज करते हुए कहा कि इस बारे में पर्याप्त सबूत हैं कि ताहिर हुसैन घटना के समय मौक़े पर ही मौजूद थे.

दिल्ली के उत्तर-पूर्वी इलाक़े में इसी साल फ़रवरी के आख़िरी सप्ताह में दंगे हुए थे, जिसमें सरकारी आंकड़ों के अनुसार 52 लोगों की मौत हुई थी.

राहुल गांधी ने कहा- वे सो रहे हैं और क़ीमत भारत चुका रहा है

राहुल गांधी

इमेज स्रोत, Getty Images

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अंग्रेज़ी अख़बार द हिंदू की एक विशेष रिपोर्ट को ट्वीट करते हुए कहा है- वे सो रहे हैं और भारत को क़ीमत चुकानी पड़ रही है.

हिंदू की इस विशेष रिपोर्ट में दावा किया गया है कि कैसे चीन ने लंबे समय की योजना के बाद कई इलाक़ों में अपने सैनिकों की उपस्थिति बढ़ाई थी.

छोड़िए X पोस्ट, 1
X सामग्री की इजाज़त?

इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

चेतावनी: तीसरे पक्ष की सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.

पोस्ट X समाप्त, 1

अख़बार ने भारतीय अधिकारियों के हवाले से दावा किया है कि चीन ने इसके लिए कई महीनों से योजना बनाई थी. ये भी दावा किया गया है राष्ट्रपत शी जिनपिंग ने ऐसा आदेश दिया था.

जब से गलवान घाटी में चीन और भारतीय सैनिकों के बीच झड़प हुई है, राहुल गांधी ने सरकार के दावे पर ख़ूब सवाल उठाए हैं.

राहुल गांधी ने ये भी आरोप लगाया था कि चीनी सैनिक भारतीय इलाक़े में कैसे घुस आए हैं. उन्होंने इसके लिए नरेंद्र मोदी सरकार की कड़ी आलोचना भी की थी.

सीबीएसई ने जारी किए 12वीं के नतीजे

सीबीएसई

इमेज स्रोत, Getty Images

सीबीएसई ने सोमवार को 12वीं कक्षा के नतीजे घोषित कर दिये हैं जिन्हें बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर देखा जा सकता है.

केंद्रीय शिक्षा मंत्री रमेश पोखिरियाल निशंख ने एक ट्वीट के ज़रिए यह सूचना दी है. उन्होंने लिखा है, "प्यारे छात्रों, अभिवावकों और शिक्षकों, सीबीएसई ने अपनी 12वीं कक्षा के नतीजों की घोषणा कर दी है और ये नतीजे cbseresults.nic.in पर जाकर देखे जा सकते हैं. इसे संभव बनाने में आप सभी के योगदान के लिए आपको बधाई. मैं फिर कहता हूँ कि छात्रों की सेहत और गुणवत्ता वाली शिक्षा हमारी प्राथमिकता है."

छोड़िए X पोस्ट, 2
X सामग्री की इजाज़त?

इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

चेतावनी: तीसरे पक्ष की सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.

पोस्ट X समाप्त, 2

सीबीएसई की रिवाइज़्ड असेसमेंट स्कीम के तहत अन्य विषयों में किसी छात्र द्वारा हासिल किए गए नंबरों को शामिल किया है. इसके साथ ही कैंसल किए गए इम्तिहानों में औसत नंबर दिए गए हैं.

सीबीएसई रद्द की गई परीक्षाओं के लिए सही समय होने पर वैकल्पिक सुधार इम्तिहान आयोजित करेगा.

इन परीक्षाओं में बैठने वाले छात्रों के नतीजों को बदला जाएगा और इन वैकल्पिक इम्तिहानों में हासिल किए गए नंबरों वाली मार्क शीट को अंतिम माना जाएगा.

कोविड महामारी की वजह से सीबीएसई ने इस साल मेरिट की घोषणा नहीं करने का ऐलान किया है.

इस इम्तिहान में लड़कियों का प्रदर्शन लड़कों की अपेक्षा बेहतर रहा है और उनका पास परसेंटेज़ 5.96 फीसदी ज़्यादा है. इसके साथ ही पास होने वाले छात्रों के प्रतिशत में भी 5.38 फीसदी की बढ़त हुई है.

पश्चिम बंगाल में बीजेपी विधायक का घर के पास मिला शव

देवेंद्र नाथ राय

इमेज स्रोत, PM Tiwari

पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर ज़िले में सोमवार तड़के बीजेपी विधायक देवेंद्र नाथ राय का शव मिला है.

इसके बाद राज्य में राजनीति गरमा गई है. राय के घरवालों और प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष दिलीप घोष ने इसे हत्या क़रार देते हुए मामले की जाँच सीबीआई से कराने की माँग की है.

59 साल के राय ज़िले की हेमताबाद सीट से विधायक थे. उनका शव घर से महज एक किमी दूर एक बंद दुकान के बरामदे में मिला.

कोलकाता में मौजूद बीबीसी के सहयोगी पत्रकार प्रभाकर मणि तिवारी ने बताया कि पुलिस ने राय के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है.

हेमताबाद थाने के एक पुलिस अधिकारी ने बीबीसी से बातचीत में कहा, "सुबह स्थानीय लोगों से सूचना मिलने के बाद हमारी टीम मौक़े पर पहुँची और राय का शव बरामद किया गया. घरवालों के मुताबिक़ मोटरसाइकिलों पर सवार कुछ युवक देर रात क़रीब एक बजे राय को घर से बुलाकर ले गए थे. हम मामले के तमाम पहलुओं की जाँच कर रहे हैं."

बंगाल

इमेज स्रोत, PM Tiwari

इमेज कैप्शन, प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष दिलीप घोष

दूसरी ओर, राय की पत्नी चंद्रिमा राय ने अपने पति की हत्या का आरोप लगाया है.

पीएम तिवारी के अनुसार, देवेंद्र नाथ राय की पत्नी का कहना है कि "उनके पति की हत्या कर उनका शव लटका दिया गया है. हत्यारों को शीघ्र गिरफ़्तार कर कड़ी सज़ा दी जानी चाहिए."

प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष दिलीप घोष के नेतृत्व में पार्टी की एक टीम हेमताबाद रवाना हो गई है.

बीजेपी के राष्ट्रीय सचिव राहुल सिन्हा ने तो इस हत्या के लिए सीधे तृणमूल कांग्रेस को ज़िम्मेदार ठहराया है.

उन्होंने भी घटना की सीबीआई जाँच की माँग की है.

वहीं तृणमूल कांग्रेस के स्थानीय नेता कन्हैया लाल अग्रवाल ने सिन्हा के आरोपों को निराधार बताते हुए इस हत्या की जाँच की माँग उठाई है.

पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने अब तक इस मामले पर कोई टिप्पणी नहीं की है.

अग्रवाल कहते हैं, "राय पहले सीपीएम में थे. उसके बाद बीजेपी में शामिल हो गए. हमारी पार्टी से उनका कोई लेना-देना नहीं था. सुबह हमें उनकी मौत की सूचना मिली. पुलिस मामले की जाँच कर रही है. इससे हक़ीक़त सामने आ जाएगी."

देवेंद्र नाथ राय ने वर्ष 2016 के विधानसभा चुनावों में सीपीएम के टिकट पर हेमताबाद सीट जीती थी.

लेकिन वर्ष 2019 में वे बीजेपी में शामिल हो गए थे. इससे पहले वे लगातार तीन बार इलाक़े में पंचायत प्रमुख भी रहे थे.

पद्मनाभस्वामी मंदिर पर शाही परिवार का अधिकार रहेगा: सुप्रीम कोर्ट

उच्चतम न्यायालय ने केरल के तिरुवनंतपुरम में स्थित ऐतिहासिक श्री पद्मनाभस्वामी मंदिर के प्रबंधन में त्रावणकोर शाही परिवार के अधिकार को बरकरार रखा है. इसे देश के सबसे धनी मंदिरों में गिना जाता है.

छोड़िए X पोस्ट, 3
X सामग्री की इजाज़त?

इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

चेतावनी: तीसरे पक्ष की सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.

पोस्ट X समाप्त, 3

कथित वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों के मद्देनज़र ऐतिहासिक मंदिर के प्रशासन और प्रबंधन को लेकर विवाद पिछले नौ साल से शीर्ष अदालत में लंबित था.

उच्चतम न्यायालय ने केरल उच्च न्यायालय का 31 जनवरी 2011 का वह आदेश सोमवार को रद्द कर दिया, जिसमें राज्य सरकार से ऐतिहासिक श्री पद्मनाभस्वामी मंदिर की पूंजी और प्रबंधन का नियंत्रण लेने के लिए न्यास गठित करने को कहा गया था.

देश को एक और मनमोहन सिंह की ज़रूरत है: शरद पवार

शरद पवार

इमेज स्रोत, Getty Images

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रमुख शरद पवार ने कहा है कि देश की अर्थव्यवस्था में सुधार के लिए मनमोहन सिंह जैसा अर्थशास्त्री चाहिए.

उन्होंने कहा, "जब डॉक्टर सिंह केंद्रीय वित्त मंत्री थे, तब उन्होंने भारतीय अर्थव्यवस्था को नई दिशा दी. मैं भी उस मंत्रिमंडल का हिस्सा था. मैं डॉक्टर सिंह और स्वर्गीय पीवी नरसिम्हा राव को उस संकट से उबारने का श्रेय देता हूँ."

पवार ने ये भी कहा कि नरेंद्र मोदी को अन्य विशेषज्ञों की मदद लेनी चाहिए क्योंकि देश को एक अन्य डॉक्टर सिंह की ज़रूरत है.

पवार ने ये बात शिवसेना के मुखपत्र सामना के साथ तीन चरणों के इंटरव्यू के दूसरे चरण में कही है. पवार के इंटरव्यू का दूसरा चरण रविवार को प्रकाशित हुआ.

शिव सेना के सांसद संजय राउत ने एनसीपी अध्यक्ष पवार का इंटरव्यू लिया है.

शरद पवार सामना में जगह पाने वाली तीसरी शख्सियत हैं. इससे पहले सामना में सिर्फ़ संस्थापक बाल ठाकरे और शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे को ही जगह मिली है.

शरद पवार

इमेज स्रोत, Getty Images

जब पवार से पूछा गया कि प्रधानमंत्री मोदी उन्हें राजनीतिक गुरू कहते हैं तो पवार ने कहा कि राजनीति में गुरू जैसी कोई चीज़ नहीं होती है.

पवार ने कहा, "मोदी सरकार और दूसरी पार्टी के नेताओं के बीच किसी तरह का कोई संवाद नहीं है. जब डॉक्टर सिंह, प्रणब मुखर्जी और पी. चिदंबरम वित्त मंत्री थे तब वे लगातार विशेषज्ञों एवं दूसरी पार्टी के नेताओं के संपर्क में रहते थे ताकि देश के सामने खड़ी समस्याओं पर उनके विचार जान सकें. अब ये नहीं हो रहा है."

चीन के साथ जारी तनाव पर पूर्व केंद्रीय रक्षा मंत्री शरद पवार ने कहा है कि चीन भारत के लिए पाकिस्तान से बड़ा ख़तरा है.

उन्होंने कहा, "जब हम किसी दुश्मन के बारे में सोचते हैं तो हमारे ज़हन में पहला नाम पाकिस्तान का आता है. लेकिन हमें पाकिस्तान की चिंता करने की ज़रूरत नहीं है. दीर्घकाल में, चीन के पास वह शक्ति, विज़न और कार्यक्रम हैं जिससे वह भारतीय हितों के ख़िलाफ़ काम कर सकता है. चीन भारत के लिए बड़ा ख़तरा है."

चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ पीएम मोदी की बैठकों की आलोचना करते हुए पवार ने कहा कि दोस्ती की तस्वीर गढ़ने से दो देशों के बीच जारी समस्याएं हल नहीं हो जाती हैं.

पवार ने कहा कि चीन के साथ रिश्तों को लेकर पंडित जवाहरलाल नेहरू और इंदिरा गांधी की हमेशा आलोचना की जाती है जबकि "नेहरू के कार्यकाल में भारत और चीन के रिश्ते काफ़ी गर्माहट भरे थे."

उन्होंने कहा कि नेहरू ये मानते थे कि चीन कभी ना कभी एक महाशक्ति बनेगा और भारत को चीन के साथ संबंध दोस्ताना रखने चाहिए क्योंकि तनाव दोनों ही देशों के लिए ठीक नहीं था.

पवार ने कहा कि नेहरू ने चीन के साथ पंचशील संधि पर हस्ताक्षर किए और उस दौरान वहां शांति रही. लेकिन "दुर्भाग्य से, चीनी नेतृत्व का अलग रुख था और इससे एक संघर्ष पैदा हुआ."

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)