विनोद दुआ की गिरफ़्तारी पर सुप्रीम कोर्ट ने 6 जुलाई तक के लिए लगाई रोक - आज की बड़ी ख़बरें

इमेज स्रोत, Hindustan Times
वरिष्ठ पत्रकार विनोद दुआ की गिरफ़्तारी पर रोक लगाने की याचिका पर रविवार को सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने उनकी गिरफ़्तारी पर 6 जुलाई तक रोक लगा दी है.
साथ ही केंद्र और हिमाचल प्रदेश सरकार को नोटिस जारी कर उनसे दो सप्ताह में जवाब मांगा है.
विनोद दुआ पर अपने यूट्यूब वीडियो के ज़रिए सांप्रदायिक सद्भाव बिगाड़ने के आरोप में राजधानी दिल्ली और हिमाचल प्रदेश में एफ़आईआर दर्ज की गई है.
गिरफ़्तारी से बचने के लिए विनोद दुआ ने सुप्रीम कोर्ट का रुख़ किया था.
सुप्रीम कोर्ट ने रविवार को विशेष सुनवाई करते हुए जांच पर रोक लगाने से इनकार कर दिया और दुआ को जांच में सहयोग करने को कहा है.
कोर्ट ने कहा है कि हिमाचल प्रदेश पुलिस 24 घंटे के नोटिस के बाद उनके घर की जांच भी कर सकती है.
जस्टिस यूयू ललित की अध्यक्षता वाली तीन सदस्यीय बेंच इस मामले की अगली सुनवाई 6 जुलाई को करेगी.
क्या हुआ कोर्ट में?
रविवार को बेहद दुर्लभ मामलों में ही सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई देखी गई है जो आज हुई. विनोद दुआ की ओर से पूर्व एडिशनल सॉलिसिटर जनरल और सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ वकील विकास सिंह पेश हुए.
विकास सिंह ने एफ़आईआर पर रोक लगाने की मांग करते हुए तुरंत राहत की मांग की. उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश इस समय पूरी तरह इंस्टिट्यूशनल क्वारंटीन है और दुआ पर देशद्रोह के आरोप लगाए गए हैं जो मूलभूत अधिकार पूरी तरह छीन चुका है.
सुप्रीम कोर्ट ने दुआ के वकील विकास सिंह से पूछा की शिकायतकर्ता कौन है तो उन्होंने जवाब दिए कि वो बीजेपी प्रवक्ता हैं.
लगातार आठवें दिन तेल के दामों में बढ़ोतरी

इमेज स्रोत, Hindustan Times
पेट्रोल और डीज़ल के दामों में लगातार आठवें दिन बढ़ोतरी की गई है. पेट्रोल में 62 पैसे तो वहीं डीज़ल में 64 पैसे की बढ़ोतरी की गई है.
इसके बाद से दिल्ली में पेट्रोल 75.78 रुपये और डीज़ल 74.03 रुपये प्रति लीटर महंगा हो गया है.
वहीं, शनिवार को पेट्रोल के दामों में 59 पैसा प्रति लीटर और डीज़ल में 58 पैसा प्रति लीटर बढ़ोतरी की गई थी..
समाचार एजेंसी पीटीआई ने शनिवार को बताया था कि बीते सात दिनों में पेट्रोल की कीमत 3.9 रुपया और डीज़ल की कीमत चार रुपया प्रति लीटर की दर से बढ़ाई गई है. पेट्रोल-डीज़ल की क़ीमतों में लगातार बढ़ोतरी जारी है.
11 जून को पेट्रोल-डीज़ल की क़ीमतों में 60 पैसे की वृद्धि हुई है. तेल की क़ीमतों में यह वृद्धि उस वक़्त हो रही है जब अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में कच्चे तेल की क़ीमत अपने न्यूनतम स्तर पर पहुँचने के बाद अब धीरे-धीरे सुधर रही है.
हाल में अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में कच्चे तेल की क़ीमत क़रीब माइनस 37.63 डॉलर तक चली गई थी लेकिन अब यह क़रीब प्रति बैरल 40 डॉलर से अधिक हो गई है.
समाचार एजेंसी पीटीआई की एक रिपोर्ट के अनुसार, सामान्य दिनों में भारत में रोज़ाना 46-50 लाख प्रति बैरल तेल की खपत होती है.
लेकिन भारतीय तेल बाज़ार का अनुमान है कि कोविड-19 महामारी की वजह से भारत में तेल की खपत लगभग 30 प्रतिशत कम हो गई है. सरकारी आँकड़ों के मुताबिक़, भारत लगभग 85 प्रतिशत कच्चा तेल आयात करता है.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)

























