विशाखापट्टनम गैस लीक: एलजी पॉलिमर्स के ख़िलाफ़ पीड़ितों का प्रदर्शन

इमेज स्रोत, Reuters
आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम में स्थित दक्षिण कोरिया की सबसे बड़ी कंपनी एलजी पॉलिमर्स लिमिटेड की फैक्ट्री में गैस लीक होने से 11 लोगों की मौत होने के बाद स्थानीय लोग ग़ुस्से में हैं.
लोगों ने कंपनी के प्लांट के बाहर तीन मृतकों की लाशें रखकर प्लांट को बंद करने की मांग उठाई है.
बीते गुरुवार को इस प्लांट से स्टाइरिन गैस लीक हो गई थी.
इसके बाद कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई.
800 अन्य लोग भी अस्पताल में भर्ती किए गए और अब भी कई लोग अस्पताल में मौजूद हैं.
कौन कर रहा है विरोध प्रदर्शन?
ये फैक्ट्री वेंकटपुरम नाम के गाँव में स्थित है.
इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने कंपनी के ख़िलाफ़ विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है.
गाँव वालों ने ती शवों को प्लांट के दरवाज़े पर रखकर फैक्ट्री को तत्काल बंद करने और इसके शीर्ष नेतृत्व को गिरफ़्तार करने की मांग की है.
ये मांग ऐसे समय पर उठाई गई जब आंध्र प्रदेश के पुलिस महानिदेशक गौतम सवांग घटनास्थल का दौरा कर रहे थे.
सामग्री् उपलब्ध नहीं है
सोशल नेटवर्क पर और देखिएबाहरी साइटों की सामग्री के लिए बीबीसी ज़िम्मेदार नहीं है.पोस्ट Facebook समाप्त
न्याय की गुहार
फैक्ट्री बंद करने की माँग करते हुए कुछ प्रदर्शनकारी प्लांट परिसर में घुस गए.
प्रदर्शनकारी उनके स्वास्थ्य और पर्यावरण पर इस गैस रिसाव के दूरगामी परिणामों को लेकर काफ़ी चिंतित थे.
न्याय की मांग करते हुए एक प्रदर्शनकारी ने कहा, "सरकार को तत्काल प्रभाव से ये प्लांट बंद करके किसी दूसरी जगह पर लगाना चाहिए."
वहीं, एक अन्य प्रदर्शनकारी ने मुआवज़े के मसले पर कहा, "हमें मुआवज़ा नहीं चाहिए. पैसा खोई हुई ज़िंदगियां नहीं लौटा सकता है. हम इस प्लांट को बंद करने की मांग करते हैं."
कई लोगों ने कहा कि अगर सायरन बजा होता तो कई ज़िंदगियां बच सकती थीं. प्रदर्शनकारियों के समूह ने प्लांट के अंदर जाने की कोशिश की.
लेकिन पुलिसकर्मियों ने आंदोलित भीड़ को नियंत्रित किया ताकि प्लांट के अंदर गैस रिसने के कारणों की जांच कर रही टीम अपना काम कर सके.
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक़, प्रदर्शनकारियों ने न्याय की गुहार लगाते हुए नारेबाजी की. इन लोगों ने प्लांट बंद करने के साथ साथ एलजी पॉलिमर्स फैक्ट्री के शीर्ष नेतृत्व को भी गिरफ़्तार करने की बात की. एलजी पॉलिमर्स एलजी केमिकल लिमिटेड की सहायक कंपनी है.

इमेज स्रोत, STR/AFP
क्या कहना है कंपनी का?
एलजी केमिकल लिमिटेड दक्षिणी कोरिया की सबसे बड़ी पेट्रोकैमिकल कंपनी है.
फ़िलहाल पुलिस ने एलजी पॉलिमर्स प्लांट की प्रबंधकीय टीम के ख़िलाफ़ लापरवाही और गैर इरादतन हत्या की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है.
वहीं, कंपनी की ओर से शनिवार को बयान आया है कि एलजी पॉलिमर्स इस हादसे से पीड़ित सभी लोगों से क्षमा मांगती है और वह पीड़ितों और उनके परिवारों को हर संभव मदद करने की कोशिश करेगी.
इस हादसे के लिए ज़िम्मेदार कारणों की खोज पर कंपनी ने अपने बयान में कहा, "कंपनी भारत में संबंधित एजेंसियों के साथ काम करने के प्रति समर्पित है ताकि इस घटना की वजह तक पहुंचा जा सके."
शुरुआती जांच में ऐसा बताया जा रहा है कि ये हादसा एक स्टाइरिन मोनोमर स्टोरेज़ टैंक से भाप निकलने की वजह से हुआ है.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)





















