You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
राजनाथ सिंह ने कपिल मिश्रा का यूं किया बचाव- पाँच बड़ी ख़बरें
दिल्ली में भड़की सांप्रदायिक हिंसा के मामले में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बीजेपी नेता कपिल मिश्रा पर लग रहे आरोपों को लेकर उनका बचाव किया है.
इंडिया टीवी के शो आपकी अदालत में राजनाथ सिंह ने कहा कि लोकतंत्र में धरना प्रदर्शन स्वाभाविक रूप से होते रहते हैं और कपिल मिश्रा के बयान में कुछ भी ग़लत नहीं है.
दरअसल, कपिल मिश्रा का एक वीडियो सामने आया था जिसमें वो कहते नज़र आए थे कि अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के वापस जाने तक वो शांत रहेंगे लेकिन अगर तब तक चांदबाग़ और जाफ़राबाद में चल रहा नागरिकता संशोधन क़ानून विरोधी प्रदर्शन ख़त्म नहीं हुआ तो वो किसी की नहीं सुनेंगे.
जब कपिल मिश्रा ये बयान दे रहे थे तब वहां दिल्ली पुलिस के अधिकारी भी मौजूद थे.
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, ''इसमें उन्होंने क्या ग़लत कहा है? उनकी पीड़ा ये है कि आप रास्ता ख़ाली करा देना. नहीं तो हमको स्वयं इसके लिए धरने प्रदर्शन करने होंगे. लोकतंत्र में धरना प्रदर्शन स्वाभाविक रूप से होते रहते हैं.''
उन्होंने कहा, ''कपिल मिश्रा ने कहा कि हम सड़क पर उतरेंगे तो इसका मतलब यह नहीं है कि वो हथियार लेकर सड़क पर उतरने की बात कर रह रहे हैं. सड़क पर उतरेंगे कहने का मतलब है कि धरना प्रदर्शन करेंगे.''
राजनाथ सिंह ने कहा कि इस बयान का दिल्ली में हुए दंगों से कोई लेना-देना नहीं है. अनावश्यक इसे दंगों से जोड़ने की कोशिश कुछ लोगों के द्वारा की जा रही हैं और जो लोग ऐसा कर रहे हैं उनकी बदनीयति इसके पीछे दिखाई दे रही है.
उन्होंने कहा, ''बयान को लेकर जो परसेप्शन बना उस पर मैं नहीं जा रहा. उन्होंने अपने बयान में कहीं नहीं कहा कि वो दंगे भड़काएंगे.''
दिल्ली चुनाव के दौरान केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के 'देश के ग़द्दारों को, गोली मारो...' वाले बयान पर राजनाथ सिंह ने कहा, ''मैं उस नारे से बिल्कुल सहमत नहीं हूं. कोई देश के अल्पसंख्यक समुदाय को आतंकवादी कहे, कुछ भी कहे, गोली मारने की बात कहे, ऐसा कुछ नहीं है. लेकिन जो मैंने देखा, उन्होंने ऊपर से नारा लगाया, गोली मारो की बात नीचे मौजूद लोगों ने कही.''
राजनाथ सिंह ने कहा कि वो अनुराग ठाकुर का बचाव नहीं करना चाहते लेकिन कभी-कभी मंच से नारे लगवाने वाले को नीचे की आवाज़ सुनाई नहीं देती. जो लोग समझदार होते हैं वो ऐसे मामलों में सुधार करते हैं. अगर उन्होंने नहीं सुधारा तो ग़लत है.
बीजेपी सांसद परवेश वर्मा ने कहा था कि शाहीन बाग़ के लोग आपके घरों में घुस जाएंगे और महिलाओं के साथ रेप करेंगे, उनको मारेंगे.
राजनाथ सिंह ने कहा कि वो ऐसे किसी बयान से इत्तेफ़ाक नहीं रखते और न ही ऐसी सोच का समर्थन करते हैं.
पाकिस्तान को लेकर जब उनसे सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि पाकिस्तान का अस्तित्व ही भारत विरोध पर टिका है.
रक्षा मंत्री ने कहा, ''भारत के विरोध में पाकिस्तान कुछ न कुछ करता रहता है लेकिन उससे घबराने की ज़रूरत नहीं है. भारत की सुरक्षा और आन बान शान को लेकर अगर कभी सवालिया निशान खड़ा होगा तो उसका जवाब देने की क्षमता है.''
उन्होंने कहा कि भारत ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिस तरह का दबाव पाकिस्तान पर बनाया है उसी के चलते वो हाफिज़ सईद जैसे लोगों को सज़ा देने पर मज़बूर हो गया है.
पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर से जुड़े एक सवाल पर उन्होंने कहा, वो तो भारत का है ही.
कोरोना वायरस: बीमा क्लेम से इनकार नहीं कर सकती कंपनियां
समाचार एजेंसियों के मुताबिक़, स्वास्थ्य बीमा पॉलिसी में कोरोना के कवर के संबंध में भ्रम की स्थिति है, लेकिन बीमा क्षेत्र के जानकार मानते हैं कि कुछेक बीमा पॉलिसी को छोड़कर अधिकतर मामलों में पॉलिसी धारकों को बीमा का लाभ मिलेगा.
जानकारों की राय है कि वायरस से जुड़ी बीमारी के तहत अधिकतर पॉलिसी में कोरोना वायरस का कवर शामिल है.
बीमा नियामक एजेंसी इरडा ने बीते दिनों ये साफ़ कर दिया है कि सभी कंपनियों को कोरोना से जुड़े क्लेम तेज़ी से निपटाना होगा.
भारत में कोरोना वायरस का प्रसार तेज़ी से हुआ है. सरकारी आंकड़ों की मानें तो अभी तक 84 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है.
इन लोगों के संपर्क में आए 4000 से अधिक लोगों को निगरानी में रखा गया.
आईपीएल पर गिरेगी कोरोना की गाज
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के अध्यक्ष सौरव गांगुली ने कहा है कि इस साल इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) का आयोजन यदि हुआ भी तो उसकी अवधि कम करनी होगी.
आईपीएल की शुरुआत 29 मार्च से होनी थी लेकिन कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण की वजह से इसे 15 अप्रैल तक स्थगित कर दिया गया है.
शनिवार को मुंबई में आईपीएल गवर्निंग काउंसिल की मीटिंग के बाद संवाददाताओं ने जब सौरव गांगुली से पूछा कि क्या आईपीएल आयोजन की अवधि कम की जा सकती है, इसके जबाव में उन्होंने कहा, ''ऐसा होगा क्योंकि 15 अप्रैल तक 15 दिन बीच चुके होंगे, ऐसे में आयोजन की अवधि कम करना ही होगा. कितनी कम करना पड़ेगी, कितने मैच होंगे, इस वक्त मैं कह नहीं सकता.''
सौरव गांगुली ने कहा, ''सुरक्षा हमारे लिए सबसे महत्वपूर्ण है. भारत और पूरी दुनिया में जो हो रहा है, सरकार के निर्देशों के अनुसार हमने बाकी घरेलू मैच भी स्थगित कर दिए हैं.''
उन्होंने कहा, ''आईपीएल टीम के मालिकों से हमारी मुलाकात हुई है, हमने उन्हें मौजूदा हालात के बारे में बताया है. फिलहाल तो आईपीएल स्थगित है, हम हालात का जायज़ा लेंगे.''
टोक्यो ओलंपिक जुलाई में ही होगा: शिंज़ो आबे
जापान के प्रधानमंत्री शिंज़ो आबे ने कहा है कि कोरोना वायरस की बढ़ती चिंताओं के बावजूद टोक्यो ओलंपिक अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जुलाई में होगा.
जापान के प्रधानमंत्री का ये बयान ऐसे समय आया है जब कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण की वजह से दुनियाभर में खेल आयोजन प्रभावित हो रहे हैं.
शिंज़ो आबे का कहना है, ''हम इस संक्रमण से उबर आएंगे और बिना किसी दिक्कत के योजना के मुताबिक ओलंपिक की मेज़बानी करेंगे.''
जापान में कोरोना वायरस से संक्रमण के 1400 से अधिक मामले सामने आ चुके हैं जहां 28 लोगों की मौत भी हो चुकी है.
जुलाई में होने वाले टोक्यो ओलंपिक के आयोजन पर लगभग 11 अरब पाउंड ख़र्च होने का अनुमान है.
कोरोना वायरस पर सार्क नेताओं की चर्चा
दक्षिण एशियाई क्षेत्रीय सहयोग संगठन यानी सार्क के नेता कोरोना वायरस से निपटने के तौर-तरीकों पर चर्चा करने के लिए रविवार को वीडियो-कॉन्फ्रेंसिंग के ज़रिए विमर्श करने वाले हैं.
सार्क देशों के समूह में शामिल नेपाल, श्रीलंका, भूटान, मालदीव, अफ़ग़ानिस्तान और बांग्लादेश ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इस पहल का स्वागत किया है.
भारत के बाद सार्क देशों में पाकिस्तान दूसरा देश हैं जहां कोरोना वायरस से संक्रमण के सबसे अधिक मामले सामने आए हैं.
इस वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में पाकिस्तान की ओर से प्रधानमंत्री इमरान ख़ान के विशेष सहायक (स्वास्थ्य मामले) ज़फ़र मिर्ज़ा शामिल होंगे.
- कोरोना वायरस का बढ़ता ख़तरा, कैसे करें बचाव
- कोरोना वायरस से बचने के लिए मास्क पहनना क्यों ज़रूरी है?
- कोरोना: मास्क और सेनेटाइज़र अचानक कहां चले गए?
- अंडे, चिकन खाने से फैलेगा कोरोना वायरस?
- कोरोना वायरस: बच्चों को कोविड-19 के बारे में कैसे बताएं?
- कोरोना वायरस: संक्रमण के बाद बचने की कितनी संभावना है
- कोरोना वायरस का कहर बरपा तो संभल पाएगा भारत?
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)