जम्मू और कश्मीर में सोशल मीडिया बहाल लेकिन टूजी मिलेगी स्पीड

सोशल मीडिया

इमेज स्रोत, Getty Images

प्रकाशित

आज यानी बुधवार को जम्मू और कश्मीर में सोशल मीडिया पर लगे प्रतिबंध को हटा लिया गया. लेकिन इंटरनेट की स्पीड अभी भी 2G ही रहेगी.

बीते साल पांच अगस्त को केंद्र सरकार ने जम्मू और कश्मीर का विशेष राज्य का दर्जा समाप्त कर दिया था और उस वक़्त से ही यहां इंटरनेट सेवा बाधित थी.

कई शर्तों के साथ इसी साल 25 जनवरी को जम्मू और कश्मीर में इंटरनेट सेवा शुरू की गई है लेकिन स्पीड 2G ही रखी गई. इंटरनेट सेवा शुरू किये जाने के साथ एक शर्त यह भी थी कि सोशल मीडिया पर प्रतिबंध बना रहेगा और साथ ही कुछ चुनिंदा वेबसाइट्स ही खुलेंगी.

आज जब जम्मू और कश्मीर में सोशल मीडिया को चालू किये जाने का आदेश आया तो यह बेशक कश्मीर में रह रहे लोगों के लिए राहत की बात रही. साथ ही इस आदेश में किसी चुनिंदा वेबसाइट का भी ज़िक्र नहीं है.

इससे पहले अधिकारियों की तरफ़ से जो आदेश आया था उसमें सिर्फ़ 16सौ वेबसाइट्स के ही एक्सेस को मान्यत दी गई थी.

जम्मू और कश्मीर में इंटरनेट

इमेज स्रोत, Getty Images

हालांकि सोशल मीडिया को चालू तो ज़रूर कर दिया गया है लेकिन उसके इस्तेमाल को लेकर कुछ नियम व शर्तें भी हैं...

इंटरनेट की स्पीड 2G ही रहेगी जबकि पोस्टपेड सिम कार्ड का इस्तेमाल करने वालों के लिए इंटरनेट पर एक्सेस बना रहेगा. वहीं दूसरी ओर प्री-पेड सुविधा के लिए इंटरनेट तब तक उपलब्ध नहीं होगा जब तक की सारे वेरिफ़िकेशन ना हुए हों. ये वेरिफ़िकेशन ठीक वैसे ही होंगे जैसे किसी पोस्ट पेड कनेक्शन के लिए किये जाते हैं.

जारी आदेश में यह भी कहा गया है कि ये नियम और शर्तें आने वाले 17 मार्च तक लागू रहेंगी और इनमें इस दौरान संशोधन भी किया जा सकता है.

अभी तक अधिकतर कश्मीरी सोशल मीडिया पर बने रहने के लिए वीपीएन का इस्तेमाल कर रहे थे.

क ओर जहां कुछ कश्मीरी इस फ़ैसले से खुश हैं वहीं एक बड़ा तबक़ा यह भी मानता है कि प्रतिबंध हटा दिये जाने के बाद भी उन्हें कोई बहुत राहत नहीं मिलने वाली क्योंकि स्पीड तो ना के बराबर ही है.

जम्मू और कश्मीर में इंटरनेट

इमेज स्रोत, EPA

सुप्रीम कोर्ट को करना पड़ा हस्तक्षेप

क़रीब सत्तर लाख लोगों की आबादी वाली कश्मीर घाटी में बीते साल अगस्त महीने से इंटरनेट बंद था. इंटरनेट बंद था तो सोशल मीडिया पर एक्सेस भी नहीं था.

इसके विरोध में कई जनहित याचिकाएं सुप्रीम कोर्ट को भेजी गई थीं.

कश्मीरी पत्रकार अनुराधा भसीन ने सुप्रीम कोर्ट में इंटरनेट पर जारी पाबंदियों को हटाने के लिए याचिका दाख़िल की थी. जिसके बाद कोर्ट ने इस मसले पर बात करते हुए इंटरनेट को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता अधिकार को इस्तेमाल करने के लिए ज़रूरी चीज बताया था.

इसके साथ ही कोर्ट ने कहा था कि इंटरनेट बंद किए जाने से जुड़े आदेश और प्रक्रियाएं तार्किक होनी चाहिए. कोर्ट ने अपने फ़ैसले में कहा था कि संविधान के अनुच्छेद 19 के तहत इंटरनेट इस्तेमाल करना मूलभूत अधिकार है.

कोर्ट ने अपने आदेश में सरकार को इस निर्णय की समीक्षा करने को कहा था लेकिन जम्मू-कश्मीर में इंटरनेट पर पाबंदी को ख़त्म करने का आदेश नहीं दिया था.

जम्मू और कश्मीर में इंटरनेट

इमेज स्रोत, Getty Images

सुप्रीम कोर्ट के आदेश के एक हफ़्ते बाद जम्मू और कश्मीर प्रशासन के गृह विभाग ने अस्पतालों, बैंक और सरकारी दफ़्तरों में ब्रॉडबैंड इंटरनेट को फिर से शुरू करने का आदेश दिया था.

इस आदेश में इंटरनेट सर्विस प्रदाताओं से संस्थानों को इंटरनेट सेवा देने से पहले कुछ वेबसाइटों को चुनने को कहा गया था.

स्पोर्ट्स विमेन ऑफ़ द ईयर

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)