You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
CAA पर यूरोपीय संघ की संसद में आज होगी बहस: पाँच बड़ी ख़बरें
यूरोपीय संघ की संसद आज नागरिकता संशोधन अधिनियम (CAA) पर बहस करेगी. इसके बाद गुरुवार को इसपर वोटिंग होगी.
यूरोपीय संसद के कुल 751 सदस्यों में से क़रीब 626 सदस्यों ने नागरिकता संशोधन क़ानून और जम्मू कश्मीर के मसले पर विचार करने के लिए छह प्रस्ताव सदस्यों के सामने रखे थे.
भारत ने इन प्रस्तावों पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है. भारत ने यूरोपीय संघ से कहा है कि 'ये हमारा आंतरिक मामला है'.
समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने इन प्रस्तावों की निंदा की है और कहा है, "इंटर पार्लियामेन्टरी यूनियन के सदस्य होने के नाते हमें क़ानून बनाने की गणतांत्रिक प्रक्रिया का सम्मान करना चाहिए."
माना जा रहा है कि इसी साल मार्च में होने वाले भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ब्रसेल्स दौरे से पहले पेश किया गया ये प्रस्ताव यूरोपीय संघ के देशों के साथ भारत के संबंधों पर असर डाल सकता है.
कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या 125 हुई
चीन में कोरोना वायरस की वजह से मरने वालों की संख्या 125 हो चुकी है. इसके साथ ही कोरोना वायरस के संक्रमण के 840 नए मामले सामने आए हैं.
चीनी विशेषज्ञों के मुताबिक़ अगले 10 दिनों में यह समस्या अपने चरम पर पहुँच सकती है.
फ़्रांस, जापान, भारत और अमरीका जैसे देशों ने वुहान में फंसे अपने नागरिकों को वहाँ से निकालने के प्रयास शुरू कर दिये हैं.
जापान का एक विमान लगभग 200 जापानी नागरिकों को लेकर वापस अपने देश लौट चुका है.
वहीं अमरीका की ओर से चीन पहुँची एक चार्टर्ड फ़्लाइट भी अमरीका के लिए उड़ान भर चुकी है.
सुप्रीम कोर्ट निर्भया मामले में सुनाएगा फ़ैसला
सुप्रीम कोर्ट बुधवार को निर्भया गैंगरेप मामले में दोषी ठहराए गए मुकेश की याचिका पर अपना फ़ैसला सुनाएगा.
मुकेश ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर करके अपनी दया याचिका ख़ारिज करने के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के निर्णय को चुनौती दी है.
राष्ट्रपति कोविंद ने मुकेश की दया याचिका को चार दिनों के भीतर ही ख़ारिज कर दिया था.
मुकेश की ओर से सुप्रीम कोर्ट में पेश हुईं उनकी वकील अंजना प्रकाश ने तीन जजों की बेंच के सामने दलील दी थी कि सरकार ने राष्ट्रपति के सामने इस मामले के सभी पक्ष पेश नहीं किए जिससे राष्ट्रपति कोविंद उचित ढंग से निर्णय नहीं ले पाए.
महाराष्ट्र: नासिक में सड़क दुर्घटना में 20 की मौत
महाराष्ट्र के नासिक शहर में एक बस और रिक्शा की टक्कर होने से 20 लोगों की मौत हो चुकी है.
इस हादसे में 30 लोगों को ज़िंदा बचा लिया गया है.
महाराष्ट्र के परिवहन मंत्री अनिल परब ने कहा है कि इस हादसे में मरने वालों के परिवारों को दस लाख रुपये का मुआवज़ा दिया जाएगा. इसके साथ ही घायलों का इलाज़ मुफ़्त में करवाया जाएगा.
क्यूबा में 7.7 रिक्टर स्केल का भूकंप
अंतरराष्ट्रीय सुनामी इन्फ़ॉर्मेशन सेंटर ने समुद्र के अंदर 7.7 तीव्रता का भूकंप आने के बाद क्यूबा, केमन आइलैंड और जमैका में सुनामी लहरें आने की चेतावनी जारी की है.
इस भूकंप का केंद्र जमैका से 139 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में, समुद्र के अंदर बताया जा रहा है.
भूकंप से अब तक किसी तरह के जानमाल की हानि होने की सूचना नहीं मिली है.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)