दुबई एयरपोर्ट का रनवे डूबा, कई भारतीय फँसे- पाँच बड़ी ख़बरें

दुबई

इमेज स्रोत, @CaptOldMonk

प्रकाशित
पढ़ने का समय: 3 मिनट

दुबई के अल मकतूम इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शनिवार से ही कम से कम 300 भारतीय फंसे हैं.

बताया जा रहा है कि ये यात्री 12 घंटे से भी ज़्यादा समय से मुश्किलों का सामना कर रहे हैं. दरअसल, दुबई में भारी बारिश के चलते हवाई सेवाओं पर असर पड़ा है. इसके चलते यात्रियों की मुश्किलें काफ़ी बढ़ी हुई है.

दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट दुनिया का सबसे व्यस्ततम एयरपोर्ट है. शनिवार को भारी बारिश और बाढ़ के कारण कई विमानों की उड़ान में देरी हुई या रद्द कर दिए गए. कई प्लेन के रूट बदल दिए गए. समाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार कई फ़्लाइट में तो 12 से 14 घंटे की देरी हुई है. सोशल मीडिया पर जो वीडियो डाले गए हैं उनमें दिख रहा है कि मकतुम एयरपोर्ट का रनवे पानी में डूबा हुआ है.

छोड़िए X पोस्ट
X सामग्री की इजाज़त?

इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

चेतावनी: तीसरे पक्ष की सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.

पोस्ट X समाप्त

ज़्यादातर भारतीयों को अमरीका के लिए आगे की फ्लाइट लेनी है लेकिन एयरपोर्ट पर पानी के चलते उड़ान बाधित हैं.

एमिरेट्स की ओर से यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की गई है, जिसमें कहा गया है कि भारी बारिश के चलते उड़ान प्रभावित हो रही हैं लेकिन यात्रियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है.

नरेंद्र मोदी

इमेज स्रोत, Getty Images

पीएम मोदी का कोलकाता में दूसरा दिन

रविवार को नरेंद्र मोदी दूसरे दिन भी कोलकाता में रहेंगे. कोलकाता में उनका पहला दिन व्यस्त रहा है. राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से उनकी मुलाक़ात सियासी गलियारे में सुर्खियां बटोर रही है. हालांकि कई जगहों पर उन्हें विरोध प्रदर्शन का सामना करना पड़ा.

शनिवार को प्रधानमंत्री ने ओल्ड करेंसी बिल्डिंग में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि ब्रिटिश शासन और आज़ादी के बाद जो इतिहास लिखा गया है, उनमें कई महत्वपूर्ण अध्यायों की अनदेखी की गई है.

उन्होंने शनिवार को हावड़ा ब्रिज पर लाइट एंड साउंड सिस्टम का भी उद्घाटन किया. इसके बाद देर शाम प्रधानमंत्री मोदी बेलूर मठ गए, जहां रविवार को वे एक प्रार्थना सभा में हिस्सा लेंगे. इसके अलावा रविवार को वो कोलकाता पोर्ट न्यास के 150वें स्थापना दिवस समारोह में भी हिस्सा लेंगे.

जेएनयू में हिंसा

इमेज स्रोत, SM VIRAL IMAGE

जेएनयू कैंपस में मारपीट: 36 की पहचान

जेएनयू कैंपस में पाँच जनवरी को हुई मारपीट की जांच कर रही स्पेशल इंवेस्टिगेशन टीम ने कहा है कि व्हाट्सग्रुपों में से उसने 37 लोगों की पहचान कर ली है.

जांच टीम के मुताबिक़ उसने कथित तौर पर शिक्षकों और छात्रों पर हमला करने वाले व्हाट्सएप ग्रुप 'यूनिटी अगेंस्ट लेफ्ट' के 60 सदस्यों में से 37 की पहचान की है.

ये दावा किया जा रहा है कि इस समूह के ज़रिए जेएनयू कैंपस के भीतर मारपीट को अंजाम दिया गया. हालांकि जांच टीम ने ये भी बताया है कि जिन 37 लोगों की पहचान हुई है उनमें से 12 ने किसी भी राजनीतिक मोर्चे या समूह में मिले होने से इनकार किया है. जांच टीम इन 36 लोगों से पूछताछ करने या उनका बयान रिकॉर्ड करने के लिए बुला सकती है.

अपाचे

इमेज स्रोत, Getty Images

छह अपाचे हेलिकॉप्टर पाकिस्तानी सीमा पर

भारतीय थल सेना के प्रमुख मनोज मुकुंद नरवणे ने बताया है कि पाकिस्तान से लगी सीमा पर छह सैन्य अपाचे लड़ाकू हेलिकॉप्टर तैनात किए जा रहे हैं.

शनिवार को दिल्ली में मीडिया से बात करते हुए नरवणे ने कहा है कि इनकी तैनाती वहां की जाएगी जहां से ख़तरा ज़्यादा होने की आशंका जताई जा रही है.

नरवणे ने बीते 31 दिसंबर को ही भारत के थल सेनाध्यक्ष के तौर पर अपना कार्यकाल संभाला है.

तेज़ तूफ़ान

इमेज स्रोत, BOSSIER PARISH SHERIFF'S OFFICE

अमरीका में तूफ़ान के चलते आठ की मौत

अमरीका के दक्षिणी हिस्से में आए तेज़ तूफ़ान और भारी बरसात के चलते कम से कम आठ लोगों की मौत की ख़बर है.

अमरीका के अलबामा, लुसियाना और टेक्सस में ये मौतें हुई हैं. तूफ़ान और भारी बारिश के चलते कई हिस्सों में बिजली सप्लाई रोक दी गई है. शनिवार को यहां तेज तूफ़ान आने की आंशका जताई गई थी.

तूफ़ान के चलते हज़ारों लोगों का जीवन प्रभावित हुआ है.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)