अमरीका के फ़र्ज़ी यूनिवर्सिटी में नामांकन: 90 छात्र गिरफ़्तार, ज़्यादातर भारतीय- पांच बड़ी ख़बरें

अमरीकी यूनिवर्सिटी

इमेज स्रोत, University website

प्रकाशित

अमरीका के एक फ़र्ज़ी विश्वविद्यालय में नामांकन के मामले में अमरीकी एजेंसियों ने 90 विदेशी छात्रों को गिरफ्तार कर लिया है, इसमें ज्यादातर छात्र भारत के बताए जा रहे हैं.

अमरीकी इमिग्रेशन एंड कस्टम इंफोर्समेंट विभाग (आईसीई) अब तक 250 छात्रों को गिरफ्तार कर चुका है.

इन छात्रों को डेट्रायट के एक फ़र्ज़ी यूनिवर्सिटी, यूनिवर्सिटी ऑफ़ फर्मिंगटन में नामांकन लेने के बहाने अमरीका में गैर क़ानूनी ढंग से रहने के मामले में गिरफ़्तार किया गया है.

इसी साल मार्च महीने में यूनिवर्सिटी के ज़रिए होने वाली फ़र्जीवाड़े का मामला सार्वजनिक हुआ था, तब 161 छात्रों को हिरासत में लिया गया था, इसमें अधिकांश भारतीय थे.

अमरीकी मीडिया की ख़बरों के मुताबिक इस महीने 90 अन्य छात्रों को हिरासत में लिया गया है, इस ख़बर के सामने आने के बाद से ट्विटर और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म पर #AbolishICE ट्रेंड कर रहा था.

अमित शाह का निशाना

अमित शाह

इमेज स्रोत, Getty Images

महाराष्ट्र में महा विकास अघाड़ी की सरकार को भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष अमित शाह ने सत्ता के लिए अलग-अलग विचारधारा की पार्टियों का मिलना बताया है.

अमित शाह ने एक टीवी चैनल के प्रोग्राम में कहा कि बीजेपी को सत्ता से बाहर रखने के लिए नैतिकता के मूल्यों को ताक पर रखा गया.

अमित शाह ने कहा, "मैं एक बार फिर से सोनिया गांधी और शरद पवार से कहना चाहता हूं कि वे मुख्यमंत्री पद पर दावा करें और तब शिव सेना का समर्थन ले कर दिखाएं."

ढाई ढाई साल के मुख्यमंत्री पद की मांग के चलते ही बीजेपी और शिव सेना का 30 साल पुराना गठबंधन टूट गया था, जिसके चलते बीजेपी राज्य में सरकार नहीं बना पाई.

बीजेपी विधायक का गोडसे पर बयान

बीजेपी सांसद साध्वी प्रज्ञा ठाकुर के नाथूराम गोडसे को देशभक्त बताए जाने का विवाद अभी थमा भी नहीं है, उससे पहले उत्तर प्रदेश के एक बीजेपी विधायक का बयान भी आया जिसमें वे कह रहे हैं कि नाथूराम गोडसे से भूल हो गई थी.

नाथूराम गोडसे

इमेज स्रोत, Getty Images

उत्तर प्रदेश के बलिया से विधायाक सुरेंद्र सिंह ने कहा कि गोडसे कोई आतंकवादी नहीं थे, जो लोग एंटी-नेशनल गतिविधियों में लगे होते हैं, वे आतंकवादी होते है, गोडसे से भूल हुई थी, उन्हें गांधी जी की हत्या नहीं करनी चाहिए थे.

हालांकि जब उनसे ये पूछा कि क्या गोडसे देशभक्त थे, तो उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया.

पश्चिम बंगाल में बीजेपी को झटका

ममता बनर्जी

इमेज स्रोत, Sanjay Das/BBC

पश्चिम बंगाल विधानसभा उपचुनावों में बीजेपी को बड़ा झटका लगा है. राज्य विधानसभा की तीन सीटों पर बीते 25 नवंबर को चुनाव हुए थे और इन तीनों सीटों पर सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने जीत हासिल की है.

कालियागंज, खड़गपुर सदर और करीमपुर में मिली हार से राज्य बीजेपी अचानक से बैकफुट पर दिखाई दे रही है, इन तीनों सीटों की उपचुनाव को 2021 के विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी और तृणमूल कांग्रेस के बीच लिटमस टेस्ट माना जा रहा था.

अफ़ग़ानिस्तान पहुंचे ट्रंप

डोनल्ड ट्रंप

इमेज स्रोत, Reuters

अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने अफ़ग़ानिस्तान का आकस्मित दौरा किया है. ट्रंप ने थैंक्सगिविंग हॉलीडे के मौक़े पर अफ़गानिस्तान में मौजूद अमरीकी सुरक्षाबलों से मुलाकात की.

राष्ट्रपति बनने के बाद ट्रंप का ये पहला अफ़ग़ानिस्तान का दौरा है. ट्रंप ने कहा कि अमरीका और तालिबान के बीच बातचीत जारी है और उनका मानना है कि सीज़फ़ायर हो सकता है.

ट्रंप ने कहा, "तालिबान समझौता करना चाहता है. हम ये देखेंगे कि अगर वो वाकई समझौता करना चाहते हैं तो ये एक असली समझौता हो. तालिबान हमारे साथ सिर्फ़ इसलिए डील करना चाहता है क्योंकि अमरीकी सुरक्षाबल कमाल का काम कर रहे हैं. मैं आप सबका शुक्रिया अदा करता हूं. मैं अफ़गान सैनिकों का भी आभारी हूं."

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)