महाराष्ट्रः आज खुल सकता है बीजेपी का पत्ता - पाँच बड़ी ख़बरें

देवेंद्र फ़डनवीस और उद्धव ठाकरे

इमेज स्रोत, Getty Images

प्रकाशित

महाराष्ट्र में सरकार बनाने को लेकर भारतीय जनता पार्टी की अगली रणनीति क्या होगी, यह सोमवार को तय हो सकता है.

महाराष्ट्र में बीते पांच साल तक मुख्यमंत्री रहे देवेंद्र फडणवीस पार्टी अध्यक्ष अमित शाह से मुलाकात करेंगे.

हाल में हुए चुनाव के बाद मुख्यमंत्री पद को लेकर बीजेपी और शिव सेना की आपसी तकरार के चलते राज्य में सरकार का गठन नहीं हो पाया है.

बीजेपी के पास 105 सीटें हैं जबकि शिव सेना के पास 65. शिव सेना ने ये भी संकेत दिया है कि वो राज्य में सरकार बनाने के लिए राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी से भी हाथ मिला सकती है.

राष्ट्रवादी कांग्रेस के मुखिया शरद पवार सोमवार को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से भी मिल रहे हैं.

दिल्ली में प्रदूषण का हाल

दिल्ली में प्रदूषण

इमेज स्रोत, AFP

दिल्ली में वायु प्रदूषण की स्थिति गंभीर बनी हुई है. रविवार को यह बीते तीन सालों में सबसे ख़तरनाक स्तर तक पहुंच गया.

रविवार शाम पांच बजे एयर क्वालिटी इंडेक्स 708 तक पहुंच गया है, जो सुरक्षित मापदंड से करीब 14 गुना ज़्यादा है.

दिल्ली और एनसीआर के सभी स्कूलों को मंगलवार तक बंद रखा गया है.

दिल्ली में भारी प्रदूषण के बीच सोमवार से ऑड ईवन का प्रयोग शुरू हो रहा है.

4 नवंबर से 15 नवंबर के बीच सुबह आठ बजे से शाम आठ बजे तक ऑड ईवन लागू रहेगा.

इस बार ख़ास बात यह है कि ऑड ईवन के नियमों का उल्लंघन करने पर 4000 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा.

इसे 2000 रुपये से बढ़ाकर 4000 रुपये किया गया है.

जासूसी मामले को देखेंगी दो समितियां

जासूसी मामले को देखेंगी दो समितियां

इमेज स्रोत, Getty Images

कांग्रेस नेताओं की अध्यक्षता वाली दो संसदीय समितियों ने व्हाट्सऐप जासूसी मामले को देखने का फैसला किया है और इसके लिए उन्होंने गृह सचिव समेत वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों से विस्तृत जानकारी मांगी है.

संसद की गृह मामलों की स्थायी समिति के अध्यक्ष एवं कांग्रेस नेता आनंद शर्मा ने समूचे व्हाट्सऐप जासूसी प्रकरण को चिंताजनक बताते हुए कहा कि इस मुद्दे पर 15 नवंबर को होने वाली समिति की बैठक में ग़ौर किया जाएगा.

सूचना प्रौद्योगिकी पर संसद की स्थायी समिति के अध्यक्ष शशि थरूर ने पूरे प्रकरण पर चिंता जताते हुए कहा कि समिति अपनी चिंताएं साझा करेगी.

उन्होंने कहा कि वह मामले में ई-मेल से अन्य सदस्यों से भी विचार-विमर्श करेंगे.

जंगलों की आग पर ट्रंप की धमकी

कैलिफ़ोर्निया में लगी आग

इमेज स्रोत, AFP

अमरीका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने कैलिफ़ोर्निया की संघीय सहायता रोकने की धमकी दी है.

ट्रंप ने ट्वीट कर कैलिफॉर्निया राज्य के गवर्नर गैविन न्यूसम को हाल में जंगलों में लगी आग के लिए ज़िम्मेदार ठहराया और कहा कि गवर्नर ने जंगलों के प्रबंधन का काम ठीक से नहीं किया, फिर भी सरकार से वित्तीय मदद मांग रहे हैं.

वहीं गैविन न्यूसम ने ट्रंप के ट्वीट पर नाराज़गी जताई है. उन्होंने कहा कि ट्रंप जलवायु परिवर्तन में विश्वास नहीं करते हैं, इसलिए उन्हें इस बातचीत में नहीं पड़ना चाहिए.

कैलिफ़ोर्निया में हाल के हफ़्तों में जंगलों में आग से लगभग एक लाख एकड़ क्षेत्र के इलाक़े में आग लग गई है और हज़ारों लोगों को अपने घरों से भागने पर मजबूर होना पड़ा है.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)