कश्मीरः फ़ारूक़ अब्दुल्ला PSA के तहत हिरासत में: पाँच बड़ी ख़बरें

इमेज स्रोत, AFP
जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और सांसद फ़ारूक़ अब्दुल्ला को पब्लिक सेफ्टी एक्ट (पीएसए) के तहत रविवार की रात को हिरासत में ले लिया गया है. इस क़ानून के तहत एक साल तक के लिए हिरासत में रखा जा सकता है.
फ़ारूक़ अब्दुल्ला अपने घर पर ही हिरासत में रहेंगे. यह क़ानून खुद फ़ारूक़ अब्दुल्ला के पिता शेख अब्दुल्ला ने 1978 में लकड़ी के तस्करों के लिए बनाया था.
उधर फ़ारूक़ अब्दुल्ला को लेकर एमडीएमके नेता वाइको ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका डाली थी और उनकी नज़रबंदी से रिहाई की मांग की थी. इस पर सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र से जवाब मांगा. अब इस पर 30 सितंबर को सुनवाई होगी.

इमेज स्रोत, PTI
अमित शाह के बयान पर येदियुरप्पा का विरोध, कहा- "कर्नाटक में कन्नड़ चलेगी"
हिंदी दिवस के मौक़े पर बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने हिंदी के ज़रिए पूरे देश को जोड़ने की अपील की थी. अब इसके विरोध में बीजेपी के अंदर से ही आवाज़ें उठने लगी हैं.
दक्षिण भारत में बीजेपी के कद्दावर नेता और कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने कर्नाटक में कन्नड़ को प्रमुख भाषा बताते हुए ट्वीट किया, "देश की सभी आधिकारिक भाषाएं समान हैं. लेकिन जहां तक कर्नाटक का सवाल है तो कन्नड़ यहां की प्रमुख भाषा है. हम इसके महत्व से कभी समझौता नहीं करेंगे. कन्नड़ को राज्य की संस्कृति को बढ़ावा देने के प्रति हम प्रतिबद्ध हैं."

इमेज स्रोत, PTI
महाराष्ट्र विधानसभा चुनावः कांग्रेस-एनसीपी के बीच सीटों का बंटवारा
महाराष्ट्र में कांग्रेस, एनसीपी (राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी) और सहयोगी दलों के बीच आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सीटों का बँटवारा हो गया है.
288 विधानसभा सीटों वाले महाराष्ट्र में कांग्रेस और एनसीपी 125-125 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारेगी वहीं 38 सीटें सहयोगी पार्टियों को दी गई हैं.
एनसीपी के अध्यक्ष शरद पवार ने इसका एलान किया.

इमेज स्रोत, Getty Images
राजस्थान में BSP के सभी 6 विधायक कांग्रेस में शामिल
राजस्थान में राज्य की सत्तारूढ़ पार्टी कांग्रेस को बाहर से समर्थन दे रहे बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के सभी छह विधायक कांग्रेस में शामिल हो गए.
ये विधायक हैं- राजेन्द्र गुढा, जोगेंद्र सिंह अवाना, वाजिब अली, लाखन सिंह मीणा, संदीप यादव और दीपचंद खेरिया.
200 विधानसभा सीटों वाले राजस्थान में अब तक कांग्रेस के पास 100 सीटें थीं अब इन विधायकों के शामिल हो जाने से मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के पास 106 विधायक हो गए हैं.

इमेज स्रोत, TWITTER @netanyahu
इसराइल में आम चुनावः बिन्यामिन नेतन्याहू के लिए कड़ी परीक्षा
इसराइल में मंगलवार को आम चुनावों के लिए मतदान है.
मतदान से ठीक पहले प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू और उनके प्रतिद्वंदी पूर्व सेनाध्यक्ष बेनी गैन्त्ज़ दोनों नेता येरूशलम की पश्चिमी दीवार के पास पहुंचे और यहूदियों के लिए पवित्र मानी जानी इस जगह पर प्रार्थना की.
माना जा रहा है कि ये चुनाव बिन्यामिन नेतन्याहू के लिए मील का पत्थर साबित हो सकते हैं.
चुनाव का नतीजा अगर उनके पक्ष में आता है तो वे रिकॉर्ड पांचवीं बार देश के प्रधानमंत्री बनेंगे.
मतदान स्थानीय समयानुसार सवेरे 7 बजे से शुरू होंगे और रात के 10 बजे तक चलेंगे.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूबपर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)





















