चंद्रयान-2 के लैंडर विक्रम की लाइफ़ 14 दिनों की: डॉ. सिवन- पांच बड़ी ख़बरें

इमेज स्रोत, Getty Images
इसरो प्रमुख डॉ के सिवन ने कहा है कि चंद्रयान-2 के लैंडर विक्रम से संपर्क की उम्मीदें अभी ख़त्म नहीं हुई हैं.
डॉ सिवन ने कहा कि वैज्ञानिक अब भी विक्रम से संपर्क जोड़ने की कोशिश कर रहे हैं जिसकी लाइफ़ पृथ्वी के 14 दिनों के बराबर है.
डॉ सिवन ने दूरदर्शन से कहा, ''हमलोग संपर्क साधने की कोशिश कर रहे हैं. हम अगले 14 दिनों तक यह कोशिश करेंगे.''
इसरो की योजना चंद्रयान-2 को विक्रम लैंडर के ज़रिए चन्द्रमा की सतह पर सॉफ्ट लैन्डिंग कराने की थी लेकिन सब कुछ योजना के मुताबिक़ नहीं हो पाया. शनिवार सुबह लैंडर विक्रम का आख़िरी वक़्त में ग्राउंड स्टेशन से संपर्क टूट गया था.
डॉ सिवन ने दूरदर्शन को दिए इंटरव्यू में कहा कि चंद्रयान-2 की सॉफ़्ट लैन्डिंग के लिए चार अहम चरण थे. तीन चरण सफलता पूर्वक पार कर लिए थे लेकिन आख़िरी का चरण सबसे अहम था और इसी में लैंडर विक्रम का ग्राउंड स्टेशन से संपर्क टूट गया.
डॉ सिवन ने कहा कि इससे इसरो के मिशन प्रभावित नहीं होंगे और 2022 में गगनयान के ज़रिए भारत अंतरिक्षयात्री को भेजेगा.
डॉ सिवन ने कहा, ''जो कुछ भी हुआ उससे इसरो पर कोई असर नहीं पड़ेगा. हमलोग गगनयान प्रोजेक्ट के साथ लगे हुए हैं जो 2020 के अंत तक ख़त्म होगा. चंद्रयान-2 लगभग 100 फ़ीसदी सफल हो गया है. ऑर्बिटर अपना काम कर रहा है.''

इमेज स्रोत, Getty Images
पाँच ट्रिलियन की अर्थव्यवस्था के लिए अच्छी रणनीति की ज़रूरत- मनमोहन सिंह
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने शनिवार को कहा कि पाँच ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लिए अच्छी रणनीति की ज़रूरत है.
राजस्थान के जेके लक्ष्मीपत यूनिवर्सिटी में बोलते हुए मनमोहन सिंह ने कहा, ''अभी हमारी अर्थव्यवस्था में सुस्ती है. जीडीपी वृद्धि दर में गिरावट है. निवेश नहीं हो रहा है. किसानों की हालत ठीक नहीं है. बैंकिंग सेक्टर संकट के दौर में है और बेरोज़गारी बढ़ रही है. हमें पाँच ट्रिलियन की अर्थव्यवस्था बनाने के लिए एक रचनात्मक रणनीति की ज़रूरत है.''
मनमोहन सिंह ने कहा कि टैक्स के आतंक को कम करना होगा और लोगों की अभिव्यक्ति का सम्मान होना चाहिए. पूर्व प्रधानमंत्री ने कहा कि हर स्तर पर संतुलन की ज़रूरत है और लगातार आर्थिक सुधारों को सही दिशा में ले जाना चाहिए.

इमेज स्रोत, Getty Images
पाँच अगस्त के बाद से कश्मीर में एक गोली तक नहीं चली- अजित डोभाल
राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल ने कहा कि जम्मू-कश्मीर मे अनुच्छेद 370 निष्प्रभावी होने के बाद से एक गोली तक नहीं चली है और यह सबसे शांतिपूर्ण महीना रहा है. अजित डोभाल ने ये बात पत्रकारों से नई दिल्ली में कही है.
अजित डोभाल ने कहा, ''2016 में हिज़बुल मुजाहिदीन के बुरहान वानी के मारे जाने के बाद हुई हिंसा में 75 लोगों की जान गई थी जबकि पाँच अगस्त के बाद से यहां सिर्फ़ एक व्यक्ति की मौत हुई है.'' डोभाल ने जम्मू-कश्मीर के स्थानीय नेताओं की नज़रबंदी को भी सही ठहराया और कहा कि लोकतंत्र बहाल होने तक ऐसा ही रहेगा. एनएसए ने कहा किसी पर राजद्रोह या आपराधिक मामला दर्ज नहीं किया गया है.

इमेज स्रोत, Getty Images
दिल्ली में आज हल्की बारिश
शनिवार को राजधानी दिल्ली में 8.30 से 5.30 के बीच 47.7 एमएम बारिश दर्ज की गई थी. मौसम विभाग का कहना है कि रविवार को भी दिल्ली में हल्की बारिश होगी. रविवार को उमस का प्रकोप भी कम रहेगा. शनिवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री सेल्सियस था.

इमेज स्रोत, Reuters
ब्रेग्ज़िट पर पीएम जॉनसन को एक और झटका
ब्रेग्ज़िट पर अपनी योजनाओं को लेकर विरोध का सामना कर रहे ब्रितानी प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन को एक और झटका लगा है. वर्क एंड पेंशंस विभाग की मंत्री ऐंबर रड ने इस्तीफ़ा दे दिया है.
ऐंबर ने कहा कि वह इस बात से हताश हैं कि सरकार... यूरोपीय संघ से नया ब्रेग्ज़िट समझौता करने को लेकर गंभीरता से काम करने के बजाय बिना समझौते के यूरोपीय संघ से बाहर निकलने की दिशा में काम कर रही है. उन्होंने कहा कि वह अपने 21 सहयोगियों को पार्टी से बाहर निकालने जाने से भी खुश नहीं हैं.
द संडे टाइम्स से उन्होंने कहा, ''बोरिस जॉनसन की कैबिनेट में मंत्री रहना गर्व की बात थी. मगर दुर्भाग्य से अब मैं अपनी सेवाएं जारी नहीं रख सकती. मैं हैरान हूं कि यूरोपीय संघ से नए समझौते के लिए कितने कम प्रयास किए जा रहे हैं. मुझे उम्मीद थी कि नए ब्रेग्ज़िट समझौते के लिए सरकार की ओर से कोशिश होगी. लेकिन अभी नो-डील ब्रेग्ज़िट के लिए तो कोशिश हो रही है मगर नए समझौते के लिए नहीं.''
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूबपर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)
























