पी चिदंबरम की तिहाड़ जेल में गुजरी रात- पांच बड़ी खबरें

इमेज स्रोत, Getty Images
भारत के पूर्व वित्त मंत्री और गृह मंत्री पी. चिदंबरम को 19 सितंबर तक के लिए तिहाड़ जेल भेज दिया गया है.
जेल में अलग सेल,खाट और वेस्टर्न बाथरूम की उनकी मांगें भी मंज़ूर कर ली गई हैं. चिदंबरम को जेल नंबर सात में रखा गया है.
टाइम्स ऑफ़ इंडिया के मुताबिक पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम गुरुवार को जेल मेंअपने पहली रात गुज़ारी और खाने में दाल-चावल खाए और सब्ज़ी रोटी छोड़ दी.
चिदंबरम को सुरक्षा कारणों से 24 घंटे की सुरक्षा और सीसीटीवी की निगरानी में रखा गया है. इसके अलावा चिदंबरम को जेड कैटेगरी की सुरक्षा भी हासिल है.
टाइम्स ऑफ़ इंडिया के मुताबिक तमिलनाडु पुलिस के गार्डों पर तिहाड़ जेल की सुरक्षा की जिम्मेदारी है लेकिन चिदंबरम की सेल की सुरक्षा में इन गार्ड्स को नहीं रखा गया है.

इमेज स्रोत, PTI
बढ़े ट्रैफ़िक जुर्मानों पर बोले नितिन गडगरी
मंगलवार केंद्रीय यातायात मंत्री नितिन गडगरी ने कहा, "सरकार इतने बड़े जुर्माना लगाना नहीं चाहती थी, लेकिन क़ानून के लिए लोगों में सम्मान और डर होना ज़रूरी है."
साथ ही उन्होंने ये भी कहा कि अगर बिना लाइंसेंस के या नशे की हालात में कोई व्यक्ति एक्सीडेंट को अंजाम देता है तो इसका ज़िम्मेदार कौन होगा.
केंद्रीय भूतल परिवहन मंत्री गडगरी ने कहा, "सरकार जुर्माना बढ़ाना नहीं चाहती है लेकिन मुद्दा ये है कि ऐसा समय आना चाहिए जब किसी को दंड न मिले और सभी नियमों का पालन करें, देश में हर साल करीब पांच लाख एक्सीडेंट होते हैं और मरने वालों में 65 प्रतिशत लोग 18 से 35 साल के होते हैं. क्या लोगों की जान नहीं बचनी चाहिए? क़ानून के लिए सम्मान और डर होना चाहिए. मुझे लगता है आने वाले महीनों में बढ़े हुए जुर्माने अच्छे नतीजे लेकर आएंगे."

इमेज स्रोत, FACEBOOK ZAKIR NAIK
भारत ने ज़ाकिर नाइक के भारतीय प्रत्यपर्ण की कोशिश की तेज़
भारत ने विवादित इस्लामिक धर्म-प्रचारक ज़ाकिर नाइक के भारत प्रत्यपर्ण की कोशिश तेज़ कर दी हैं.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ज़ाकिर नाइक के प्रत्यपर्ण के लिए मलेशिया के प्रधानमंत्री महातिर मोहम्मद से बातचीत की है. ज़ाकिर नाइक पर हवाला और मज़हबी नफ़रत को भड़काने का आरोप है.
विदेश सचिव विजय गोखले ने प्रधानमंत्री मोदी और महातिर की बैठक के बारे में जानकारी देते हुए कहा ''प्रधानमंत्री मोदी ने जाकिर नाइक के प्रत्यर्पण का मामला उठाया है. दोनों पक्षों ने फैसला किया है कि हमारे अधिकारी इस संबंध में आगे भी संपर्क में रहेंगे और यह हमारे लिए एक महत्वपूर्ण मसला है."
साल 2016 से भारतीय अधिकारी ज़ाकिर नाइक की तलाश में है. ज़ाकिर नाइक पर मनी लॉंड्रिंग करने व नफ़रत भरे भाषण देने के आरोप हैं.
नाइक बीते तीन सालों से मलेशिया में रह रहे हैं. भारत कई बार उनके प्रत्यर्पण की मांग कर चुका है लेकिन अब तक मलेशियाई सरकार उनकी स्थायी नागरिकता का बचाव करती रही है.

इमेज स्रोत, Getty Images
एचडी कुमारस्वामी को चार अक्टूबर को पेश होने का समन
कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और जेडीएस नेता एचडी कुमारस्वामी से एक विशेष अदालत ने गुरुवार को पूछताछ के लिए समन जारी किया.
कुमारस्वामी के अलावा 15 दूसरे लोगों को भी समन जारी किया गया है. इन लोगों पर राज्य सरकार परियोजना की ज़मीन की अधिसूचना वापस लिए जाने के आरोप हैं. कोर्ट ने कुमारस्वामी को 4 अक्टूबर को पेश होने का आदेश दिया है.
यह मामला हलागे वडेराहल्ली गांव में तीन एकड़ और 34 गुंटा ज़मीन के अवैध कटान से जुड़ा हुआ है.

इमेज स्रोत, AFP
'मैं अपनी आखिरी सांस तक लड़ना पसंद करूंगा'- बोरिस जॉनसन
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने कहा है कि वो ब्रसेल्स से ब्रेग्जिट की तारीख आगे बढ़ाने की बात करने से बेहतर उसके लिए अंतिम सांस तक लड़ना पसंद करेंगे. ब्रिटेन की संसद में विपक्षी सांसदों ने ब्रेग्जिट की तारीख आगे बढ़ाने की बात रखी है. इस संबंध में जब सदन में वोटिंग हुई तो वहां बोरिस जॉनसन को हार का सामना भी करना पड़ा.
इतना ही नहीं बोरिस जॉनसन के भाई जो जॉनसन ने अपने मंत्रीपद से इस्तीफ़ो दे दिया है. उन्होंने कहा है कि वो परिवार के प्रति वफ़ादारी और राष्ट्रीय हित के बीच बंट गए थे. वहीं बोरिस जॉनसन ने कहा है कि वो यूरोपीय संघ में जाकर दोबारा ब्रेक्ज़िट की तारीख आगे बढ़ाने की बात नहीं कहेंगे.
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने कहा, ''मैं अपनी आख़िरी सांस तक लड़ना पसंद करूंगा. इस पूरी प्रक्रिया में कई बिलियन पाउंड खर्च हो चुके हैं और हमें कुछ भी हासिल नहीं हुआ है. अब इसकी तारीख को आगे बढ़ाने का कोई मतलब नहीं है. मुझे यह पूरी तरह से निरर्थक लगता है.''
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूबपर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)


























