You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
मोदी आज यूएई में, सर्वोच्च सम्मान से नवाजे जाएंगे: पांच बड़ी ख़बरें
शुक्रवार को भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यूएई की राजधानी अबू धाबी पहुंच गए जहां उन्हें शनिवार को देश का सर्वोच्च सम्मान 'ऑर्डर ऑफ़ जायद' से नवाजा जाएगा.
मोदी ने ट्वीट कर कहा है, "अबू धाबी पहुंच गया हूं. शहज़ादे शेख़ मोहम्मद बिन जायद के साथ वार्ता को लेकर आशान्वित हूं और भारत और यूएई के बीच दोस्ती को लेकर चर्चा होगी. साथ ही आर्थिक संबंधों को मजबूत बनाना भी एजेंडे में होगा."
मोदी यहां से बहरीन जाएंगे और यहां के शाह शेख़ हमाद बिन इसा अल ख़लीफ़ा से बातचीत करेंगे.
रविवार को मोदी जी-7 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए फ़्रांस लौटेंगे.
चिदंबरम को सुप्रीम कोर्ट से राहत
सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की ओर से दायर मामले में गिरफ़्तारी से छूट दे दी है.
आईएनएस मीडिया मामले में मनी लांड्रिंग का मामला दर्ज किया गया है और फिलहाल चिदंबरम को सीबीआई ने गिरफ़्तार किया है और वो 26 अगस्त तक न्यायिक हिरासत में हैं.
चिदंबरम की अग्रिम ज़मानत याचिका पर सुनवाई करते हुए जस्टिस आर भानुमती और जस्टिस एएस बोपन्ना की बेंच ने कहा कि याचिकाकर्ता को 25 जुलाई 2018 को अग्रिम ज़मानत दी जा चुकी थी और साथ ही सह अभियुक्तों को भी हाईकोर्ट से ज़मानत मिल चुकी है ऐसे में अगली सुनवाई तक ईडी के मामले याचिकाकर्ता को गिरफ़्तारी सुरक्षा प्रदान की जाती है.
अर्थव्यवस्था के मामले में केंद्र पर भरोसाः केजरीवाल
केजरीवाल ने कहा है कि उन्हें भरोसा है कि अर्थव्यवस्था में आई सुस्ती से निपटने के लिए केंद्र सरकार कोई क़दम उठाएगी.
बड़े पैमाने पर नौकरियों के जाने और ऑटो सेक्टर, चाय उद्योग, टेक्सटाइल, रियल एस्टेट और अन्य सेक्टरों में आर्थिक सुस्ती की ख़बरों पर केजरीवाल ने चिंता जताई.
उन्होंने कहा, "मुझे खुशी इस बात की है कि केंद्र सरकार भी इसके बारे में चिंतित है, क्योंकि मैंने अख़बारों में पढ़ा कि नीति आयोग के जो वाइस चेरयमैन हैं उनका भी स्टेटमेंट आया है कि अर्थव्यवस्था में काफ़ी मंदी है. मैं उम्मीद करता हूं और मुझे पूरा विश्वास है कि आने वाले समय में केंद्र सरकार इसपर ठोस क़दम उठाएगी."
अमरीकी कंपनियां चीन से कारोबार समेटेंः ट्रंप
अमरीकी राष्ट्रपति डोनॉल्ड ट्रंप ने अमरीकी कंपनियों को चीन से अपना कारोबार समेटने और दूसरे देशों में जाने के लिए कहा है.
व्यापारिक मुद्दे पर दोनों देशों में पहले से चला आ रहा तनाव इस बयान के बाद और बढ़ गया है.
चीन ने शुक्रवार को अमेरिका से आने वाले 75 बिलियन डॉलर के उत्पादों पर आयात शुल्क लगाने की घोषणा की थी.
ट्रंप ने ट्वीट कर कहा कि 'कई सालों से चीन व्यापार, बौद्धिक संपदा चोरी और अन्य मामलों में अमरीका से फ़ायदा उठाता रहा है. हमारा देश हर साल चीन के हाथों अरबों डॉलर नुकसान उठाता रहा है, जिसका कोई अंत नहीं दिखता...'
भारत-वेस्टइंडीज़ टेस्ट मैच
भारत और वेस्टइंडीज़ के बीच एंटीगा टेस्ट के दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक वेस्टइंडीज़ ने आठ विकेट पर 189 रन बना लिए हैं.
भारत की ओर से ईशांत शर्मा ने पांच विकेट चटकाए हैं. जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी और रविंद्र जडेजा को एक-एक विकेट मिला है. वेस्टइंडीज़ की ओर से रॉस्टन चेज़ ने सबसे ज्यादा 48 रन बनाए हैं.
इससे पहले भारत की पहली पारी 297 रनों पर सिमट गई थी.
तीसरे दिन का खेल जब शुरू होगा तो वेस्टइंडीज़ की कोशिश भारत की बढ़त को कम से कम करने की होगी, अभी मेजबान टीम 108 रन पीछे है जबकि उसके महज दो ही विकेट बाक़ी हैं.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)