अमरनाथ यात्रा के रूट पर सेना को मिले स्नाइपर, बारूदी सुरंग: पढ़ें पांच बड़ी ख़बरें

अमरनाथ यात्रा

इमेज स्रोत, PTI

इमेज कैप्शन, अमरनाथ यात्रा रोकी गई
प्रकाशित

भारतीय सेना ने ख़ुफ़िया जानकारियों का हवाला देते हुए कहा कि पाकिस्तान से चरमपंथी, कश्मीर घाटी में अमरनाथ यात्रा पर हमले की योजना बना रहे हैं.

इसके फौरन बाद ही जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने अमरनाथ यात्रा के श्रद्धालुओं और राज्य में आने वाले पर्यटकों को तुरंत वापस जाने का निर्देश दिया.

भारतीय सेना के लेफ़्टिनेंट जनरल केजेएस ढिल्लन ने कहा कि सुरक्षा बलों को एक सर्च ऑपरेशन के दौरान अमरनाथ यात्रा के रूट पर चरमपंथियों के एक ठिकाने से टेलीस्कोप समेत एक एम-24 अमरीकी स्नाइपर राइफ़ल और पाकिस्तान के ऑर्डिनेंश फैक्ट्री में निर्मित बारूदी सुरंग बरामद हुए हैं.

अमित शाह

इमेज स्रोत, PTI

पूर्वोत्तर में सुरक्षा जायजा लेंगे गृह मंत्री शाह

गृह मंत्री अमित शाह शनिवार और रविवार को पूर्वोत्तर भारत के आठ राज्यों के राज्यपालों और मुख्यमंत्रियों से मुलाकात करेंगे.

गुवाहाटी में पूर्वोत्तर परिषद (एनईसी) की बैठक में शाह सुरक्षा स्थिति और विकास के मुद्दों की समीक्षा और उस पर चर्चा करेंगे.

पूर्वोत्तर के आठ राज्यों असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और सिक्किम के राज्यपाल और मुख्यमंत्री एनईसी के सदस्य हैं.

गृह मंत्री इसी एनईसी के अध्यक्ष हैं.

सुरेंद्र नागर

इमेज स्रोत, RS TV

इमेज कैप्शन, सुरेंद्र नागर

सपा सांसद सुरेंद्र नागर का राज्यसभा से इस्तीफ़ा

पश्चिम उत्तर प्रदेश में गुर्जर समुदाय से आने वाले समाजवादी पार्टी के सांसद सुरेंद्र नागर ने राज्यसभा से इस्तीफ़ा दे दिया है.

सुरेंद्र नागर के इस्तीफ़े के बाद अब सपा में 11 सांसद ही बचे हैं.

इससे पहले पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर के 50 वर्षीय बेटे नीरज शेखर ने भी सपा से इस्तीफ़ा देकर बीजेपी जॉइन किया था.

भारत-वेस्ट इंडीज़

इमेज स्रोत, PTI

भारत-वेस्टइंडीज़ के बीच रात 8 बजे पहला टी20 मुक़ाबला

वर्ल्ड कप 2019 के बाद भारतीय क्रिकेट टीम एक बार फिर मैदान में उतरने के लिए तैयार है.

इस बार मुक़ाबला वेस्ट इंडीज़ से है. शनिवार से दोनों टीमों के बीच टी20 सिरीज़ का पहला मुक़ाबला है.

यह मैच अमरीका में फ्लोरिडा के लाउडरहिल मैदान पर रात 8 बजे से खेला जाएगा. इसी मैदान पर दूसरा टी20 भी खेला जाएगा.

इसके बाद एक टी-20, 3 वनडे और 2 टेस्ट मैच वेस्ट इंडीज में खेले जायेंगे.

ट्रेड वॉर, जापान, दक्षिण कोरिया

इमेज स्रोत, Getty Images

ट्रेड वॉरः आर्थिक प्रतिबंध जारी रखेंगे दक्षिण कोरिया और जापान

दक्षिण कोरिया और जापान ने एक दूसरे पर आर्थिक प्रतिबंध जारी रखने का फ़ैसला किया है.

दक्षिण कोरिया ने जापान को अपने भरोसेमंद व्यापारिक राष्ट्रों की सूची से हटा दिया है. इससे पहले जापान भी यह कदम उठा चुका है.

सियोल में जापान के राजदूत के साथ हुई मुलाक़ात में दक्षिण कोरिया के उप विदेश मंत्री चो सी यंग ने कहा कि जापान ने अपने कदम के चलते दक्षिण कोरिया को यह फ़ैसला करने पर मजबूर किया.

उन्होंने कहा, ''जापान की तरफ से उठाए गए कदम ने यह दर्शाया कि वह भरोसेमंद और दोस्ताना संबंध नहीं चाहता है. हमारे देश के लोग ऐसे राष्ट्र को कभी मित्र नहीं समझ पाएंगे जो हमारे ख़िलाफ़ इस तरह के आर्थिक फ़ैसले लेता हो.''

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूबपर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)