लोकसभा में सोनिया गांधी का दिखा अलग तेवर :पाँच बड़ी ख़बरें

इमेज स्रोत, Getty Images
बुधवार को जैसे ही लोकसभा की कार्यवाही शुरू हुई कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने सदन में प्रधानमंत्री की मौजूदगी की मांग की.
चौधरी ने कहा कि अमरीकी राष्ट्रपति ट्रंप ने प्रधानमंत्री मोदी के बारे में कहा है कि उन्होंने कश्मीर में मध्यस्थ बनने का प्रस्ताव रखा था. चौधरी ने कहा कि इस मामले में ख़ुद प्रधानमंत्री स्पष्ट करें कि क्या उन्होंने ट्रंप के सामने कोई ऐसी पेशकश की थी.
हालांकि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने इसे अनसुना करते हुए प्रश्न काल को जारी रखा. इसके बाद चौधरी यूपीए चेयपर्सन सोनिया गांधी के पास गए और उन्होंने राहुल की ग़ैरमौजूदगी में कमान संभाली.
बाक़ी के प्रश्न काल में कांग्रेस सांसद प्रधानमंत्री को बुलाने को लेकर नारे लगाने लगे. सोनिया गांधी पूरे घटनाक्रम का नेतृत्व करती दिखीं. उन्होंने डीएमके के टीआर बालु के साथ भी बातचीत की और उनके सांसदों ने भी कांग्रेस का साथ दिया. ऐसा लग रहा था कि लोकसभा में अधीर रंजन चौधरी कांग्रेस के नेता नहीं हैं बल्कि सोनिया गांधी हैं.
सोनिया ने लोकसभा में कांग्रेस की मांग को लेकर सदन में जारी सरगर्मी में लगभग विपक्ष को अपनी तरफ़ कर लिया. इसमें डीएमके के अलावा एनसीपी भी शामिल हुई.
पाकिस्तानी क्रिकेटर पर महिलाओं को धोखा देने का आरोप
पाकिस्तानी क्रिकेट टीम के खिलाड़ी इमाम-उल-हक़ के ऊपर कथित तौर पर कई लड़कियों के साथ संबंध होने और उन्हें धोखा देने का आरोप लगा है.

इमेज स्रोत, Getty Images
एक ट्विटर यूज़र ने इमाम के वॉट्सऐप अकाउंट के कुछ चैट्स के स्क्रीनशॉट सार्वजनिक करते हुए उन पर आरोप लगाया है कि वो अपने स्टारडम का ग़लत फ़ायदा उठा रहे हैं.
जो स्क्रीनशॉट्स शेयर किए गए हैं वो कथित तौर पर इमाम और उन महिलाओं के बीच की बातचीत है जिनके संदर्भ में ये आरोप लग रहे हैं. पाकिस्तानी मीडिया में छपी कुछ ख़बरों के मुताबिक़ चैट सार्वजनिक करने वाले शख़्स का दावा है कि इन महिलाओं ने उसे संपर्क किया ताकि वे 23 वर्षीय इस खिलाड़ी की असलियत सबके सामने ला सकें.
ये स्क्रीनशॉट्स पिछले छह महीनों के दौरान के हैं. पाकिस्तानी मीडिया के मुताबिक़ इस मसले पर वहां के लोगों की मिलीजुली प्रतिक्रिया है.
अजय भल्ला होंगे नए गृह सचिव
लोकसभा चुनावों के बाद केंद्र सरकार ने नौकरशाही में कई अहम बदलाव किए हैं. इसी के तहत अजय कुमार भल्ला नए गृह सचिव बनाए जाएंगे. अजय भल्ला, राजीव गाबा की जगह लेंगे जो 31 अगस्त को रिटायर हो रहे हैं.
अजय कुमार भल्ला 1984 बैच के आईएएस अधिकारी हैं. फ़िलहाल अजय भल्ला ऊर्जा सचिव हैं. केंद्र सरकार ने उन्हें गृह मंत्रालय में ऑफ़िसर ऑन स्पेशल ड्यूटी नियुक्त किया है. इसके अलावा अतनु चक्रवर्ती आर्थिक मामलों के विभाग के नए सचिव होंगे और अंशु प्रकाश को दूरसंचार विभाग का सचिव बनाया गया है.
डी राजा समेत चार एआईएडीएमके सांसदों का कार्यकाल पूरा
सीपीआई महासचिव डी राजा और एआईएडीएमके के सांसद वी मैत्रेयन, केआर अर्जुन, आर लक्ष्मण और टी रत्निवेल का राज्यसभा सदस्य के तौर पर कार्यकाल पूरा हो गया है. बुधवार को सदन की शुरुआत होने से पहले इन सभी को विदाई दी गई.

इमेज स्रोत, Getty Images
इस दौरान अपने दिए भाषण में मैत्रेयन ने कहा कि उनकी पार्टी नेता जे जयललिता ने उन पर भरोसा जताया था और उन्हें तीन बार इस सदन में भेजा. इस दौरान वह बोलते-बोलते भावुक भी हो गए.
उत्तर कोरिया ने समंदर में दो मिसाइल दागे
दक्षिण कोरिया की सेना का कहना है कि उत्तर कोरिया ने समंदर में कोरियाई प्रायद्वीप के पूर्व की ओर दो मिसाइल दागे हैं.
दक्षिण कोरिया के ज्वाइंट चीफ़ ऑफ़ स्टाफ़ के मुताबिक़ ये मिसाइल बीस मिनट के अंतर पर वोनसान बंदरगाह के पास से दागे गए और इन्होंने चार सौ किलोमीटर का रास्ता तय किया.

इमेज स्रोत, EPA
उनका कहना है कि दक्षिण कोरिया और अमरीका ये पता लगा रहे हैं कि दागे गए मिसाइल क्या हैं. उत्तर कोरिया अपने विरोधियों पर दबाव बनान के लिए अक्सर मिसाइलें दागता रहा है.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)























