कुमारस्वामी कांग्रेस को सीएम पद देने के लिए हुए तैयार- पाँच बड़ी ख़बरें

प्रकाशित

कर्नाटक में कांग्रेस और जनता दल सेक्युलर (जेडीएस) गठबंधन सरकार को बचाने की आख़िरी कोशिश भी नाकाम होती दिख रही है. जेडीएस और कांग्रेस के आला नेतृत्व ने मुख्यमंत्री बदलने की पेशकश की लेकिन बाग़ी विधायकों ने इसे भी अस्वीकार कर दिया है.

जेडीएस मुख्यमंत्री का पद कांग्रेस को भी देने पर राज़ी है लेकिन बात नहीं बनी. इससे पहले कहा जा रहा था कि बाग़ी विधायकों की एक शिकायत ये भी थी कि कुमारस्वामी के काम करने का तरीक़ा सही नहीं है.

कुमारस्वामी के भाई और प्रदेश सरकार के पीडब्ल्यूडी मंत्री एचडी रावणा के कथित हस्तक्षेप की बातें भी सामने आती रही हैं.

प्रदेश सरकार में जल संसाधान मंत्री और कांग्रेस नेता डीके शिवकुमार ने रविवार को पत्रकारों से कहा, ''जेडीएस मुख्यमंत्री का पद छोड़ने पर राज़ी है. जेडीएस का कहना है कि अगर मुख्यमंत्री बदलने से सरकार बच जाती है तो वो इसके लिए तैयार है. यहां तक कि जेडीएस ने कांग्रेस को मुख्यमंत्री चुनने की भी आज़ादी दे दी है.''

हालांकि डीके शिवकुमार की इस घोषणा के तुरंत बाद ही बाग़ी विधायकों ने कहा कि वो मुख्यमंत्री बदलने के फ़ैसले के बाद भी साथ आने को राज़ी नहीं हैं.

'भ्रष्टाचारियों को मारो'

जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने रविवार को कहा कि यहां के लड़के अपने लोगों को बेवजह मार रहे हैं.

मलिक ने कहा, ''यहां के लड़के सुरक्षाकर्मियों को मार रहे हैं. आप इन्हें क्यों मार रहे हैं? आप उन्हें मारिए जो प्रदेश को लूट रहे हैं. जो कश्मीर की संपत्ति लूट रहे हैं उन्हें मारिए. क्या आपने कभी उन लोगों की जान ली है जो कश्मीर को लूट रहे हैं?''

मलिक ने ये बात करगिल और लद्दाख पर्यटन उत्सव कार्यक्रम में रविवार को कही.

पहले भी वो भ्रष्टाचार को जम्मू कश्मीर की सबसे बड़ी समस्या बता चुके हैं. उन्होंने कहा कि अगर उनका बस चले तो भ्रष्ट नौकरशाहों को जेल भेजकर उनकी सारी संपत्ति जब्त कर लेते.

एक पार्टी को 90% चुनावी फ़ंड मिलाः मनमोहन सिंह

पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने रविवार को कहा कि ऐसे समय में जब 90 प्रतिशत चुनावी फ़ंड किसी एक पार्टी को मिल रहे हों तो चुनावों के लिए सरकारी फ़ंडिंग के बारे में विचार किया जाना चाहिए.

उन्होंने सीपीआई के नेता इंद्रजीत गुप्ता के जन्मशताब्दी समारोह में रविवार को ये बात कही.

उन्होंने इंद्रजीत गुप्ता की अगुवाई में एक संसदीय कमिटी की उस रिपोर्ट का हवाल दिया जिसमें सुझाव दिया गया था कि राजनीतिक पार्टियों को सरकारी फंड मुहैया कराया जाए ताकि सबको समान अवसर मिल सके.

मनमोहन सिंह ने कहा, "आज जबकि एक अकेली पार्टी 90 प्रतिशत चुनावी फ़ंड पा जाती है तो ऐस समय इस तरह के विचारों पर बातचीत करने की ज़रूरत है. "

बड़े लेनदेन में आधार अनिवार्य होगा

बड़े लेनदेन के लिए जल्द ही आधार का सत्यापन अनिवार्य किया जाने वाला है.

प्रस्तावित वित्त विधेयक में सरकार अब ऐसे प्रावधान करने जा रही है कि अगर आपने लेन-देन की अपनी सालाना सीमा को पार किया तो इलेक्ट्रॉनिक केवाईसी देना होगा.

अभी एक तय सीमा से अधिक के लेन-देन पर सिर्फ़ पैन कार्ड की सूचनाएं साझा करनी होती थीं.

अधिकारियों के मुताबिक़, अभी ये समय सीमा तय की जानी है लेकिन ऐसा माना जा रहा है कि सालाना 20 से 25 लाख रुपए की निकासी या जमा किए जाने पर बायोमेट्रिक सत्यापन या ओटीपी को अनिवार्य बनाया जाएगा.

ऐसा इसलिए किया जा रहा है कि बहुत से जमाकर्ता फ़र्ज़ी पैन नंबर दे देते हैं जिससे लेन-देन को ट्रैक कर पाना मुश्किल हो जाता है.

इमरान ख़ान अमरीकी दौरे पर

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान ख़ान तीन दिवसीय अमरीकी यात्रा पर हैं. उन्होंने अमरीका में चंद घंटों पहले वॉशिगटन डीसी के कैपिटल वन एरिना में पाकिस्तानी मूल के लोगों को संबोधित किया.

इमरान ख़ान को सुनने के लिए क़रीब 30 हजार लोग वहां मौजूद थे. इमरान ख़ान ने कहा कि हम विदेशों में रह रहे पाकिस्तानियों पर गर्व करते हैं.

उन्होंने कहा, "आप विदेशी धरती पर रहकर मेहनत करते हैं और किसी न किसी तरह पाकिस्तान की तरक्की में योगदान देते हैं."

साथी ही उन्होंने कहा कि वो यहां अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप के साथ नये पाकिस्तान का खाका साझा करने आए हैं. आज इमरान ख़ान अमरीकी राष्ट्रपति से व्हाईट हाउस के ओवल दफ़्तर में मुलाक़ात करेंगे.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूबपर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)