कर्नाटक सियासी संकट पर सुप्रीम कोर्ट का फ़ैसला आजः पांच बड़ी ख़बरें

सुप्रीम कोर्ट

इमेज स्रोत, Getty Images

प्रकाशित
पढ़ने का समय: 3 मिनट

सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को कर्नाटक विधानसभा के स्पीकर केआर रमेश कुमार और कांग्रेस-जेडीएस के 15 बाग़ी विधायकों की याचिकाओं पर सुनवाई पूरी कर ली है.

कोर्ट ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद फ़ैसला सुरक्षित रख लिया था, जिसे बुधवार को 10.30 बजे सुनाया जाएगा.

बाग़ी विधायकों ने सुप्रीम कोर्ट से मांग की है कि वह स्पीकर को उनके इस्तीफ़ों को स्वीकार करने के निर्देश दे, जबकि स्पीकर ने कोर्ट से यथास्थिति बरक़रार रखने के आदेश को वापस लेने की मांग की है.

साथ ही स्पीकर ने न्यायालय से अनुरोध किया कि उन्हें बाग़ी विधायकों के इस्तीफ़ों और आयोग्यता पर निर्णय लेने के लिए बुधवार तक का वक़्त दिया जाए.

नरेंद्र मोदी

इमेज स्रोत, Getty Images

पीएम ने मांगी संसद में अनुपस्थित सांसदों की सूची

संसद में केंद्रीय मंत्रियों की अनुपस्थिति पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को नाराज़गी जताई.

बीजेपी संसदीय दल की बैठक में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जो मंत्री रोस्टर ड्यूटी पूरी नहीं करते, उनके बारे में उसी दिन शाम तक उन्हें बताया जाए.

विपक्षी नेताओं ने की शिकायत पर मोदी ने यह सख़्ती दिखाई है. संसद सत्र के दौरान सांसदों के अनुपस्थित रहने पर मोदी पहले नाख़ुशी जता चुके हैं.

एनआईए

इमेज स्रोत, AFP

एनआईए बिल राज्यसभा में, बीजेपी ने जारी किया व्हिप

राज्यसभा में राष्ट्रीय जांच एजेंसी को ताक़तवर बनाने वाले विधेयक को पास कराने के लिए प्रस्ताव रखा जाएगा.

भारतीय जनता पार्टी ने इस संबंध में अपने राज्यसभा सांसदों के लिए व्हिप जारी किया है.

अगर राज्यसभा से भी यह बिल पास हो जाएगा तो एनआईए के अधिकार बढ़ जाएंगे.

इससे पहले जब सोमवार को लोकसभा में इस बिल को पेश गया तो सदन में ख़ूब हंगामा हुआ.

विपक्ष ने सरकार पर आरोप लगाया कि केंद्र सरकार पुलिस स्टेट का सिद्धांत देश में लागू करना चाहती है.

इस दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और असदउद्दीन ओवैसी के बीच नोकझोंक भी हुई.

राष्ट्रीय जांच एजेंसी (संशोधन) विधेयक सोमवार को लोकसभा से पास हो गया.

प्रस्ताव के पक्ष में 278 वोट पड़े, जबकि इसके ख़िलाफ़ छह वोट पड़े. विधेयक पर लाए गए सभी संशोधन प्रस्तावों को नामंज़ूर कर दिया गया.

छोड़िए X पोस्ट
X सामग्री की इजाज़त?

इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

चेतावनी: तीसरे पक्ष की सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.

पोस्ट X समाप्त

रोहन बोपन्ना और स्मृति मंधाना को अर्जुन अवार्ड

खेल और युवा मामलों के मंत्री किरन रिजिजू ने टेनिस खिलाड़ी रोहन बोपन्ना और महिला क्रिकेटर स्मृति मंधाना को अर्जुन अवार्ड से सम्मानित किया.

एशियन गेम्स 2018 में टेनिस पुरुष डबल्स में स्वर्ण पदक जीतने वाले बोपन्ना ने इस दौरान कहा 'अर्जुन पुरस्कार विजेता के तौर पर पहचान बनाना मेरे लिए गर्व की बात है.

मैं इस पुरस्कार को प्राप्त करके बहुत ख़ुश हूं. खेल मंत्री ने मुझे पुरस्कार से सम्मानित किया और वह भारत में खेल को लेकर बहुत चिंतित हैं.

2018 की आईसीसी विमेंस प्लेयर रही मंधाना ने बीते वर्ष 12 एकदिवसीय मैचों में 669 रन और 25 टी20 मैचों में 622 रन बनाए थे.

अर्जुन पुरस्कार की शुरुआत 1961 में हुई थी. इसके ज़रिए विशेष रूप से सक्षम खिलाड़ियों को पुरस्कार दिया जाता है, जिसमें 5 लाख रुपये कैश और अर्जुन की प्रतीकात्मक मूर्ति और प्रशस्ति पत्र दिया जाता है.

ऊरजूला

इमेज स्रोत, Getty Images

ऊरज़ूला फोन डे लायन यूरोपीय आयोग की पहली महिला अध्यक्ष बनीं

ऊरज़ूला फोन डे लायन यूरोपीय आयोग की पहली महिला अध्यक्ष बन गई हैं. वो जर्मनी की रक्षा मंत्री रही हैं.

यूरोपीय संसद के सदस्यों ने उन्हें नो वोटों के बहुत कम अंतर से अध्यक्ष चुना गया. ऊरज़ूला ज्यांग क्लोडे उंकअ की जगह लेंगी, जिनका कार्यकाल अक्तूबर के अंत में ख़त्म हो रहा है.

ऊरज़ूला फोन डे लायन ने सभी पक्षों से साथ मिलकर काम करने की अपील की. इससे पहले उन्होंने संसद की शक्तियों को बढ़ाने और ईयू की सीमाओं की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की थी.

लेकिन ग्रीन राजनेताओं ने शिकायत की थी कि जलवायु परिवर्तन से निपटने के वादे को वो निभा नहीं सकीं. चुने जाने के बाद ऊरज़ूला फोन डे लायन ने यूरोपीय संसद के सदस्यों से कहा, "मैं बहुत सम्मानित महसूस कर रहा हूं. जो भरोसा आपने मुझमें दिखाया, मैं उसके लिए आपका शुक्रिया अदा करती हूं. आपने जो भरोसा मुझमें दिखाया है वो यूरोप को लेकर आपका विश्वास है."

"वो पूर्व से पश्चिम, उत्तर से दक्षिण तक फैले एकजुट और मज़बूत यूरोप में आपका भरोसा है. यूरोप में आपका भरोसा भविष्य की लड़ाई लड़ने को तैयार है. इस विश्वास से हम मिलकर मौजूदा वक़्त की बड़ी चुनौतियों से निपटेंगे."

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)