नोटबंदी- समझिए 5000 रुपए वाला नियम है क्या

नोटबंदी
प्रकाशित

नोटबंदी के दौर में हर रोज़ सामने आ रहे नए नियमों ने भ्रम में डाल रखा है. ऐसे में सोमवार को 5,000 रुपए से जुड़े क़ायदे से कई आम लोग परेशान हैं. दरअसल, मुश्किल ये है कि लोगों के बीच इस नियम को लेकर स्पष्टता कम, कनफ़्यूज़न ज़्यादा है.

क्या कहता है नया नियम?

रिज़र्व बैंक के मुताबिक 30 दिसंबर तक सिर्फ़ एक बार 5,000 रुपए से ज़्यादा नकद रकम (पुराने नोटों में) जमा कराई जा सकेगी.

अगर आपके पास 500 और 1000 के पुराने नोट में 5,000 रुपए से ज़्यादा रकम है, तो एक बार में ही बैंक खाते में जमा करानी होगी. 30 दिसंबर के बाद पुराने नोट जमा नहीं होंगे.

बैंक के बाहर लाइन

अगर रकम 5,000 से कम हो तो?

500 और 1000 के पुराने नोट में अगर रकम 5,000 रुपए से कम है तो आप अलग-अलग वक़्त में उसे बैंक में जमा करा सकते हैं, लेकिन रकम इससे ज़्यादा हो तो ऐसा नहीं कर पाएंगे.

राशि 5,000 से ज़्यादा हो तो?

ज़्यादा रकम भी जमा कराई जा सकती है, लेकिन आपको बैंक के कम से कम दो अधिकारियों को बताना होगा कि ये राशि पहले क्यों नहीं जमा कराई गई. अगर आपका जवाब संतोषजनक लगा, तो रकम जमा कर दी जाएगी. हालांकि, बाद में होने वाले ऑडिट में आपका बैंक खाता फिर सवालों के घेरे में आ सकता है.

वित्त मंत्री अरुण जेटली

पुराने नोट में कितनी रकम जमा कराई गई, बैंक को कैसे पता चलेगा?

जब कभी बैंक में पुराने नोट जमा कराए जाएंगे, कोर बैंकिंग सॉल्यूशन (सीबीएस) के ज़रिए बैंक में जानकारी दर्ज हो जाएगी. अगर आप दो बार तीन-तीन हज़ार जमा कराएंगे, तो सीबीएस को पता चल जाएगा कि आपकी रकम 5,000 के पार चली गई है और फिर आपको बैंक के सवालों के जवाब देने होंगे.

ये केवाईसी क्या है और इस नियम में उसकी क्या भूमिका है?

नो योर कस्टमर (KYC- अपने कस्टमर को जानें) वो प्रक्रिया है, जिसके तहत बैंक अपने ग्राहकों से जुड़ी सारी जानकारी रखते हैं. नए नियम के मुताबिक 5,000 रुपए से ज़्यादा रकम सिर्फ़ उन खातों में जमा कराई जा सकेगी, जो केवाईसी नियमों का पालन करते हैं. इसमें बैंक अपने ग्राहकों का पहचान प्रमाण पत्र, पते का प्रूफ़ और पैन कार्ड का ब्योरा रखते हैं. जिन ग्राहकों ने केवाईसी नियमों का पालन नहीं किया है, वो पुराने नोटों में सिर्फ़ 50,000 रुपए तक जमा कर पाएंगे.

नोटंबदी

अगर जेब या घर में 5,000 से ज़्यादा रकम के नए नोट हों तो?

नए नोटों पर कोई पाबंदी या नियम नहीं है. नए नोट में आपके पास कितनी भी रकम हो, जमा कराई जा सकती है.

किसी ख़ास स्कीम में पैसा जमा कराने पर कोई छूट?

प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना, 2016 के लिए टैक्सेशन और इनवेस्टमेंट रिजीम के तहत पैसा जमा कराने के लिए पुराने नोट का इस्तेमाल किया जाता है. वहां 5,000 रुपए से जुड़ा नया नियम लागू नहीं होगा.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए यहां क्लिक करें. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)