राज ठाकरे की पार्टी का पाकिस्तानी कलाकारों को धमकी

AMEY KHOPKAR
इमेज कैप्शन, एमएनएस नेता अमीय खोपकर
    • Author, सुनीता पांडेय
    • पदनाम, मुंबई से, बीबीसी हिंदी डॉट कॉम के लिए
  • प्रकाशित

महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना ने पाकिस्तानी कलाकारों और अभिनेताओं को भारत छोड़ने की धमकी दी है.

एमएनएस की चित्रपट कर्मचारी सेना के नेता अमीय खोपकर ने कहा है, "हम सभी पाकिस्तानी कलाकारों और एक्टरों को भारत छोड़ने के लिए 48 घंटे का समय देते हैं."

अगर 48 घंटे के भीतर वे भारत नहीं छोड़ेंगे तो एमएनएस पार्टी कड़ा रुख अपनाएगी.

एमएनएस की महासचिव शालिनी ठाकरे कहती हैं, "यदि 48 घंटे में पाकिस्तानी कलाकार भारत नहीं छोड़ेंगे एनएनएस उन्हें बाहर फेंक देगी. ये हमारे देश से पैसे कमाकर पाकिस्तान को टैक्स भेजते हैं और उसी पैसे का उपयोग हमारे लोगों को मारने के लिए करते हैं. हम ऐसा नहीं होने देंगे."

SHALINI THAKREY
इमेज कैप्शन, एमएनएस महासचिव शालिनी ठाकरे

एमएनएस का कहना है कि अगर पाकिस्तानी कलाकार भारत नहीं छोड़ेंगे तो यहां उनकी शूटिंग रोक दी जाएगी और भारत में उनकी फ़िल्में रिलीज़ नहीं होगी.

प्रोड्यूसर को भी इस बात की चेतावनी देने के लिए पत्र लिखे जा रहे हैं.

पिछले महीने ही शिवसेना ने मुंबई में पाकिस्तानी गज़ल गायक ग़ुलाम अली के कार्यक्रम का विरोध किया था. इसके बाद कार्यक्रम रद्द कर दिया गया था.

एनएनएस के प्रमुख राज ठाकरे शिव सेना के संस्थापक बाल ठाकरे के भतीजे हैं.

जब बाल ठाकरे ने अपने भतीजे की जगह अपने बेटे उद्धव ठाकरे को अपना उत्तराधिकारी घोषित किया तो राज ने अपनी अलग पार्टी एमएनएस बना ली थी.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए यहां क्लिक करें. आप हमें फ़ेसबुक और पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)