शनिवार, 14 मार्च, 2009 को 20:50 GMT तक के समाचार
स्लमडॉग मिलियनेयर के लिए दो ऑस्कर अवॉर्ड जीतने के बाद संगीतकार एआर रहमान शनिवार को अजमेर में ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती की दरगाह पर ज़ियारत करने पहुँचे.
उन्होंने कहा कि उन्हें इस दरगाह में गहरी आस्था है और वे शुक्रिया अदा करने आए हैं.
रहमान के साथ उनके परिवार के सदस्य भी वहाँ पहुँचे थे.
उल्लेखनीय है कि दक्षिण एशिया भर के लोगों की अजमेर शरीफ़ के प्रति गहरी आस्था है और इसे इबादत के लिए अहम स्थान माना जाता है.
भारतीय सिनेमा जगत की हस्तियाँ भी अक्सर यहाँ आती रहती हैं.
यह भी कम लोगों की जानकारी में होगा कि रहमान ने अजमेर में अपना एक मकान ले रखा है.
वे अपने परिवार के साथ शुक्रवार को यहाँ पहुँचे थे.
उन्होंने शनिवार को दरगाह पहुँचकर ज़ियारत की.
एआर रहमान अजमेर शरीफ़ ऐसे समय में पहुँचे हैं जब उन्होंने दो-दो ऑस्कर जीतकर पूरी दुनिया में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा लिया है.
इससे पहले उन्हें स्लमडॉग मिलियनेयर के लिए गोल्डन ग्लोब और बाफ़्टा अवॉर्ड भी मिल चुका है.