सोमवार, 09 मार्च, 2009 को 15:31 GMT तक के समाचार
पुरातत्वविदों का कहना है कि अंग्रेज़ी के महान कवि और नाटककार विलियम शेक्सपियर के पहले थिएटर के अवशेष ढूँढ लिए गए हैं.
इस बीच लंदन में शेक्सपियर का एक पोर्टरेट सार्वजनिक किया गया है. माना जा रहा है कि उनके जीवनकाल के दौरान बनया गया ये एक मात्र पोर्टरेट बचा है.
बीबीसी को मिली जानकारी के मुताबिक म्यूज़ियम ऑफ़ लंदन की टीम ने शोरडिच में थिएटर के अवशेष ढूँढे हैं.
माना जाता है कि वर्ष 1576 में बनाए गए इस थिएटर में शेक्सपियर ने अभिनय किया और यहीं रोमियो और जूलियट का प्रीमियर हुआ. म्यूज़ियम ऑफ़ लंदन की टारिन निक्सन ने बताया कि उनकी टीम को थिएटर की दीवार का एक हिस्सा मिला है.
पुरातत्वविदों का कहना है कि थिएटर का स्टेज किसी आवासीय परिसर के नीचे दबा हुआ हो सकता है.
ये थिएटर जेम्स बरबाज ने बनाया था. माना जाता है कि यहाँ शेक्सपियर की थिएटर कंपनी चेंबरलेन्स मैन के लोग आकर मंचन करते थे.
इसे बनाए जाने के 25 साल बाद यहाँ की सामग्री इस्तेमाल कर टेम्स नदी के किनारे ग्लोब थिएटर बनाया गया था.
लंदन में शेक्सपियर का पोर्टरेट भी सार्वजनिक किया गया है. ये तस्वीर एलेक कोब नाम के व्यक्ति की है. माना जा रहा है कि इसे 1610 में बनाया गया था यानी शेक्सपियर की मौत से छह साल पहले. वे उस समय 46 साल के थे.
उनकी तस्वीरों को लेकर पिछले कुछ सालों में विवाद होता रहा है. ज्यादातर विशेषज्ञों का मानना है कि शेक्सपियर का सबसे सटीक चित्रण
स्ट्रेटफ़र्ड-अपॉन-एवन में रखी गई एक मूर्ति है.