गुरुवार, 05 मार्च, 2009 को 17:31 GMT तक के समाचार
दुर्गेश उपाध्याय
बीबीसी संवाददाता, मुंबई
हरियाणा के पूर्व उप मुख्यमंत्री चंद्रमोहन उर्फ़ चांद मोहम्मद से 'विवादास्पद रूप' से शादी करने वाली अनुराधा बाली उर्फ़ फ़िज़ा ने बॉलीवुड में भी एंट्री ले ली है.
वो मुंबई पर हुए आतंकवादी हमलों पर बनाई जा रही एक फ़िल्म में काम करने जा रही हैं. इस फ़िल्म का निर्माण भी 'देशद्रोही' फ़िल्म से चर्चित हुए कमाल ख़ान कर रहे हैं.
कमाल ख़ान के नाम से तो आप परिचित ही होंगे. अभी कुछ महीने पहले ही मुंबई में ग़ैर मराठी लोगों पर हमलों पर फ़िल्म ‘देशद्रोही’ बनाकर वो अचानक चर्चा में आ गए थे.
फ़िज़ा ख़ुद भी पिछले कुछ महीनों से चांद मोहम्मद के साथ अपने बनते-बिगड़ते रिश्तों की वजह से सुर्खियाँ बटोर रही हैं.
ऐसे में अब ये कहना ग़लत नहीं होगा कि उन्होंने अभिनय की दुनिया में क़दम रखकर अपने लिए सही रास्ता चुन लिया है.
***************************************************************
रुबीना और अज़हर की नई फ़िल्म
ऑस्कर जीत चुकी फिल्म स्लमडॉग मिलियनेयर में शानदार अभिनय कर चुके बाल कलाकार रुबीना अली और अज़हर एक बार फिर चर्चा में हैं.
एकेडमी पुरस्कार समारोहों में हिस्सा ले चुके ये बच्चे अब निर्माता वासु भगनानी की अगली फ़िल्म कल किसने देखा में अभिनय करते हुए नज़र आएँगे.
इसी फ़िल्म से वासु के बेटे जैकी भगनानी फ़िल्मों में एंट्री कर रहे हैं. कहानी का ताना-बाना भी काफ़ी दिलचस्प है.
फ़िल्म में दिखाया गया है कि जैकी जो कि भविष्य देख सकते हैं, उन्हें पता चलता है कि एकेडमी पुरस्कारों में हिस्सा लेकर वापस लौट रहे इन बच्चों की ज़िंदगी ख़तरे में है.
वे उन्हें बचाने एयरपोर्ट पर पहुँच जाते हैं. बीबीसी से बातचीत में रुबीना ने कहा कि उनकी शूटिंग एक दिन की थी और उन्हें जैकी के साथ काम करके बड़ा मज़ा आया.
लेकिन मज़ेदार बात ये है कि वासु भगनानी ने बड़ी चतुराई से इन बच्चों को अपनी फ़िल्म से जोड़कर अच्छी ख़ासी पब्लिसिटी कर ली है. जय हो.
***************************************************************
हौसले बुलंद
अंजना सुखानी के हौसले इन दिनों बुलंद हैं. जल्द ही रिलीज़ होने वाली फ़िल्म जय वीरू को लेकर वो काफ़ी उत्साहित हैं.
वैसे इस फ़िल्म में उनकी अभिनेता कुणाल खेमू से दोस्ती की वजह भी दिलचस्प है.
अंजना ने हाल ही में बीबीसी से बातचीत में कहा कि कुणाल को कुत्तों के बारे में काफ़ी जानकारी है और अंजना को अच्छी प्रजाति का कुत्ता चाहिए था बस फिर क्या था कुणाल ने उनकी पूरी मदद की.
वैसे अगर फ़िल्म की बात की जाए तो फ़िल्म कैसी है इसका जवाब भी अंजना ने ख़ुद ही दे दिया. उन्होंने बताया कि अगर आप सोच रहे हैं कि कोई शोले जैसी कहानी होगी, तो ये ग़लत है.
ये फ़िल्म दो दोस्तों की हल्की-फुल्की कहानी है बस. अरे अंजना जी, संभल के रिलीज़ से पहले तो शुभ-शुभ बोलिए.
***************************************************************
आयशा की शादी
आयशा टाकिया कि पिछले दिनों बड़े धूम-धाम से अपने प्रेमी फ़रहान आज़मी के साथ शादी की बात तो आप लोगों को पता ही होगी.
लेकिन चौंकाने वाली बात सुनने में आ रही है और वो ये कि आयशा की शादी में ख़ुद उनके पिता निशित टाकिया ही शामिल नहीं हो सके.
कहा तो ये भी जा रहा है कि उन्हें शादी की तारीख़ के बारे में भी जानकारी नहीं थी. ऐसा माना जाता है कि निशित और आएशा की मां फ़रीदा के संबंध ठीक नहीं हैं.
क़रीब छह महीने पहले दोनों ने अलग-अलग रहना शुरू कर दिया था. वजह चाहे जो भी हो लेकिन ख़ुद की बेटी की शादी में बाप का न आना थोड़ा चकित ज़रूर करता है.
***************************************************************
सोहा का अंदाज़
कभी अपनी गंभीर अदायगी से दर्शकों का ध्यान खींचने वाली सोहा अली ख़ान इन दिनों एक नए और सुहाने अंदाज़ में दर्शकों के सामने आ रही हैं.
सोहा ने अब कॉमडी फ़िल्में करनी शुरू कर दी हैं. अपनी फ़िल्म ढूंढते रह जाओगे में भी सोहा ने भरपूर कॉमेडी की है.
दरअसल, सोहा इन दिनों अपनी छवि बदलने के बारे में गंभीरता से सोच रही हैं. गंभीर अभिनेत्री के रूप में अपनी पहचान से वे संतुष्ट नहीं हैं.
सही भी है शायद सोहा का ये बदला हुआ अंदाज़ लोगों को भा जाए.