रविवार, 08 फ़रवरी, 2009 को 17:20 GMT तक के समाचार
ब्रितानी निर्देशक डैनी बॉएल की चर्चित फ़िल्म स्लमडॉग मिलियनेयर को ऑस्कर में 10 श्रेणियों में नामांकित किया गया है लेकिन भारतीयों की नज़र है चर्चित संगीतकार एआर रहमान पर.
एआर रहमान को दो श्रेणियों में तीन नामांकन मिले हैं. रहमान को उम्मीद है कि कम से कम एक ऑस्कर तो वे ज़रूर जीतेंगे.
एक अख़बार के साथ बातचीत में रहमान ने कहा, "मुझे भरोसा है कि कम से कम एक ऑस्कर मैं ज़रूर जीतूँगा."
अभी तक सिर्फ़ दो भारतीयों को ऑस्कर मिला है. भानु अथैया को फ़िल्म गांधी में कॉस्ट्यूम डिज़ाइन के लिए ऑस्कर मिला था, जबकि वरिष्ठ फ़िल्मकार सत्यजीत रे को वर्ष 1992 में लाइफ़ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड दिया गया था.
पुरस्कार
फ़िल्म स्लमडॉग मिलियनेयर के लिए तीन नामांकन हासिल करने वाले एआर रहमान के बारे में माना जा रहा है कि वे कम से कम एक ऑस्कर तो ज़रूर जीतेंगे.
रहमान को इसी फ़िल्म के लिए इस साल गोल्डन ग्लोब अवार्ड भी मिल चुका है. ऑस्कर पुरस्कार समारोह 22 फरवरी को आयोजित होगा.
भारत में अपने संगीत से मशहूर एआर रहमान को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहली बार चर्चा उस समय मिली थी जब उन्होंने फ़िल्म एलिज़ाबेथ: द गोल्डन एज में संगीत दिया था.
बांबे ड्रीम्स और द लॉर्ड ऑफ़ द रिंग्स जैसे स्टेज शो में भी उनके संगीत ने ख़ूब सुर्ख़ियाँ बटोरी थी.