http://www.bbcchindi.com

गुरुवार, 15 जनवरी, 2009 को 09:40 GMT तक के समाचार

ऋतिक और प्रियंका चोपड़ा सर्वश्रेष्ठ

साल के पहले हिंदी फ़िल्म पुरस्कार समारोह में सर्वश्रेष्ठ फ़िल्म बनी है आशुतोष गोवारीकर की जोधा अकबर. मुंबई में बुधवार रात हुए भव्य रंगारंग कार्यक्रम में स्टार स्क्रीन अवार्ड्स की घोषणा हुई.

फ़िल्म जोधा अकबर के लिए ही सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार मिला ऋतिक रोशन को. जबकि मधुर भंडारकर की फ़िल्म फ़ैशन के लिए प्रियंका चोपड़ा बनीं सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री.

स्टार स्क्रीन अवार्ड्स में जुटे सितारे

जोधा अकबर के लिए आशुतोष गोवारीकर को सर्वश्रेष्ठ निर्देशक चुना गया. उनके साथ ये पुरस्कार बाँटा फ़िल्म ए वेन्सडे के लिए नीरज पांडे ने.

सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता का पुरस्कार ले गए अर्जुन रामपाल, जिन्हें फ़िल्म रॉक ऑन के लिए यह सम्मान मिला जबकि इसी फ़िल्म के लिए शहाना गोस्वामी को सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री चुना गया.

सर्वश्रेष्ठ खलनायक का पुरस्कार जीता अक्षय खन्ना ने फ़िल्म रेस के लिए. जबकि सर्वश्रेष्ठ हास्य कलाकार बने फ़िल्म गोलमाल रिटर्न्स के लिए तुषार कपूर.

गीत-संगीत

एआर रहमान ने फ़िल्म जाने तू या जाने ना के लिए सर्वश्रेष्ठ संगीतकार का पुरस्कार जीता तो फ़िल्म बचना ऐ हसीनों के गाने ख़ुदा जाने के लिए सर्वश्रेष्ठ गीतकार का पुरस्कार मिला अन्विता दत्त गुप्ता को.

इसी गाने के लिए केके को सर्वश्रेष्ठ गायक और शिल्पा राव को सर्वश्रेष्ठ गायिका का पुरस्कार मिला. सर्वश्रेष्ठ नवोदित अभिनेता का पुरस्कार जीता फ़रहान अख़्तर ने. उन्हें फ़िल्म रॉक ऑन के लिए ये पुरस्कार मिला.

जबकि सर्वश्रेष्ठ नवोदित अभिनेत्री बनीं आसिन फ़िल्म गजनी के लिए. सर्वश्रेष्ठ लोकप्रिय अभिनेता का पुरस्कार मिला सिंह इज़ किंग के लिए अक्षय कुमार को तो लोकप्रिय अभिनेत्री बनीं ऐश्वर्या रॉय बच्चन फ़िल्म जोधा अकबर के लिए.

अक्षय कुमार ने उस समय सबको सकते में ला दिया जब उन्होंने अपना पुरस्कार आमिर ख़ान को समर्पित कर दिया. अक्षय ने कहा कि उन्होंने गजनी देखी है और उन्हें लगता है कि आमिर ख़ान ही इस पुरस्कार के हक़दार हैं. अक्षय बिना पुरस्कार लिए ही मंच से उतर गए.

कुछ महत्वपूर्ण पुरस्कार

सर्वश्रेष्ठ फ़िल्म- जोधा अकबर
सर्वश्रेष्ठ निर्देशक- आशुतोष गोवारीकर (जोधा अकबर)
- नीरज पांडे (ए वेन्सडे)
सर्वश्रेष्ठ अभिनेता- ऋतिक रोशन (जोधा अकबर)
सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री- प्रियंका चोपड़ा (फ़ैशन)
सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता- अर्जुन रामपाल (रॉक ऑन)
सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री- शहाना गोस्वामी (रॉक ऑन)
सर्वश्रेष्ठ खलनायक- अक्षय खन्ना (रेस)
सर्वश्रेष्ठ हास्य कलाकार- तुषार कपूर (गोलमाल रिटर्न्स)
सर्वश्रेष्ठ संगीतकार- एआर रहमान (जाने तू या जाने ना)
सर्वश्रेष्ठ गीतकार- अन्विता दत्त गुप्ता (ख़ुदा जाने- बचना ऐ हसीनों)
सर्वश्रेष्ठ गायक- केके (ख़ुदा जाने- बचना ऐ हसीनों)
सर्वश्रेष्ठ गायिका- शिल्पा राव (ख़ुदा जाने- बचना ऐ हसीनों)
सर्वश्रेष्ठ नवोदित अभिनेता- फ़रहान अख़्तर (रॉक ऑन)
सर्वश्रेष्ठ नवोदित अभिनेत्री- आसिन (गजनी)
सर्वश्रेष्ठ लोकप्रिय अभिनेता- अक्षय कुमार (सिंह इज़ किंग)
सर्वश्रेष्ठ लोकप्रिय अभिनेत्री- ऐश्वर्या रॉय बच्चन (जोधा अकबर)
सर्वश्रेष्ठ कहानी- नीरज पांडे (ए वेन्सडे)
सर्वश्रेष्ठ पटकथा- शिराज़ अहमद (रेस)
सर्वश्रेष्ठ एनीमेशन फ़िल्म- रोडसाइड रोमियो
सर्वश्रेष्ठ जोड़ी- जॉन अब्राहम-अभिषेक बच्चन (दोस्ताना)
लाइफ़ टाइम अचीवमेंट अवार्ड- संजय ख़ान
रामनाथ गोयनका पुरस्कार- ए वेन्सडे