बुधवार, 14 जनवरी, 2009 को 08:28 GMT तक के समाचार
अमरीका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति बराक ओबामा के सम्मान में आयोजित होने वाले एक समारोह के दौरान हॉलीवुड की अनेक जानी-मानी हस्तियाँ न केवल समारोह में शामिल होंगी बल्कि वहाँ अपना जौहर भी दिखाएँगी.
कुछ स्टार गायक-संगीतकार हैं - बेयॉन्से, यू-2 बैंड और ब्रूस स्प्रिंगस्टीन. इसी समारोह के दौरान स्टीवी वंडर, शैरिल क्रो, अशर, मेरी जे ब्लाइज 18 जनवरी को वॉशिंगटन में होने वाले समारोह में प्रदर्शन करेंगे.
गायिका क्वीन लतीफ़ा और अभिनेता जेमी फ़ॉक्स और डेंजल वॉशिगंटन कुछ ऐतिहासिक कथन पढ़कर सुनाएँगें.
संभावना है कि ओबामा भी इस समारोह में शामिल होंगे. वे 20 जनवरी को शपथ लेंगे.
इस कार्यक्रम के कार्यकारी प्रोड्यूसर जॉर्ज स्टीवंस (जूनियर) का कहना था कि उन्हें इस कार्यक्रम के दौरान इन सितारों के प्रदर्शन करने की इच्छा ने चौंका दिया.
स्टीवंस ने कहा, "हमनें पहले दिन स्प्रिंगस्टीन, बोनो और गार्थ ब्रुक्स से बात की और 45 मिनट के भीतर तीनों नें हामी भर दी. स्टार लिस्ट लंबी है लेकिन ये शोबिज़ का मौका नहीं..."
उनका कहना था कि इस मौके पर इतिहास को याद किया जाएगा और महान राष्ट्रपति लिंकन को याद किया जाएगा जिन्होंने मुश्किल समय में अमरीका का नेतृत्व किया.
उनका कहना था कि उन्होंने इस मौके पर कई तरह के कलाकारों को शामिल करने की कोशिश की है.
कलाकारों से भी अनुरोध किया गया है कि वे अपने हिट गाने सुनाने की जगह इस मौके के लिए उचित गाने सुनाएँ.