गुरुवार, 18 दिसंबर, 2008 को 14:21 GMT तक के समाचार
दुर्गेश उपाध्याय
बीबीसी संवाददाता, मुंबई
दक्षिण में अपना जादू बिखेरने के बाद बॉलीवुड में क़दम रखते ही आसिन की किस्मत चमक गई.
एक तरफ़ तो आसिन को पहली फ़िल्म(गजनी) में ही आमिर के साथ काम करने का मौक़ा मिल गया.
तो दूसरी ओर सलमान ख़ान भी आसिन से प्रभावित हो गए है.
सुनने में आया है कि सलमान ख़ान ने आसिन की उस इच्छा को भी पूरा कर दिया जिसमें वो चाहती थीं कि उन्हें कोई आइफ़िल टावर के नीचे प्रपोज करे.
सलमान ने लंदन ड्रीम्स के प्रोड्यूसर से कहकर फ़िल्म से जुड़ा हुआ कुछ वैसा ही सीन आइफ़िल टावर के नीचे शूट करवाया.
दरअसल सलमान और आसिन फ़िल्म 'लंदन ड्रीम्स' में साथ नज़र आएँगे. फ़िल्म की शूटिंग लंदन में चल रही है. उम्मीद है आसिन का बॉलीवुड का सफ़र जितनी तेज़ी से शुरू हुआ है उतनी तेज़ी से आगे भी बढ़ेगा.
*****************************************************************
नया करने की कोशिश
हाल ही में शाहरुख़ ख़ान ने बीबीसी को दिए एक इंटरव्यू में कहा है कि वो और आदित्य चोपड़ा अब लोगों को कुछ नया देने की कोशिश करते रहेंगे.
उन्होंने कहा कि उनकी और आदित्य की जोड़ी ने बॉलीवुड़ को अब तक की सबसे सफल फ़िल्म दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे दी है.
शाहरुख़ चाहते हैं कि आगे से वो दर्शकों को वैसी फ़िल्में दें जिस तरह की फ़िल्मों में उनका और आदित्य का विश्वास हो.
उनकी हाल ही में रिलीज़ हुई फ़िल्म रब ने बना दी जोड़ी ने मुंबई हमलों के बाद लोगों को सिनेमाघरों तक लाने में बड़ी भूमिका निभाई है.
ऐसे में शाहरुख़ इस बात से काफ़ी ख़ुश हैं और उन्होंने लोगों का शुक्रिया भी अदा किया. हालाँकि रब ने बना दी जोड़ी की सफलता को लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं.
*****************************************************************
ब्लॉगर शिल्पा
बॉलीवुड में इन दिनों ब्लॉग की बड़ी धूम है. इस कड़ी में एक नया नाम जुड़ गया है और वो हैं शिल्पा शेट्टी का.
बॉलीवुड अभिनेत्री और छोटे पर्दे पर बिग बॉस से छाईं शिल्पा शेट्टी ने भी अपना ब्लॉग बनाने का मन बना लिया है. शिल्पा को लगने लगा है कि ब्लॉग एक ऐसा माध्यम है जिसके ज़रिए अपने प्रशंसकों से सीधे जुड़ा जा सकता है.
हाल ही में एक रियालिटी शो बिग बॉस में होस्ट की भूमिका करने के बाद लोकप्रिय हुई शिल्पा अपना ब्लॉग बना रही है.
शिल्पा के ब्लॉग का नाम होगा 'शिल्पा चैनल. शिल्पा अपने ब्लॉग 'शिल्पा चैनल' के माध्यम से अपने प्रशंसकों और फ़िल्मी हस्तियों से जुड़ी रहेंगी.
चलिए शिल्पा जी उम्मीद है कि इस ब्लॉग के ज़रिए हमें आपकी भी सोच को जानने और समझने का मौक़ा मिलेगा.
*****************************************************************
बिग ब्रदर में आशुतोष?
सुनने में आ रहा है कि बिग बॉस 2 के विजेता को ब्रिटेन के मशहूर रियालिटी शो बिग ब्रदर में हिस्सा लेने का न्यौता मिला है. ज़ाहिर सी बात है कि आशुतोष इस बात से काफ़ी ख़ुश हैं.
वजह ये कि बिग बॉस का ख़िताब जीतने के बाद लोगों ने उनकी तारीफ़ तो बहुत की लेकिन फ़िल्मी दुनिया में काम किसी ने नहीं दिया.
ऐसे में ब्रिटेन के इस सेलिब्रिटी शो में हिस्सा लेना उनके लिए वाक़ई ख़ुशी की बात है. बिग ब्रदर शो को जीतने के बाद अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी के सितारे तो चमक गए.
अब देखने वाली बात ये होगी कि आशुतोष इस शो को जीतकर एक बार फिर भारत का परचम लहरा पाएँगे या नही.
*****************************************************************
सितारों की मेहनत
फ़िल्मी दुनिया के सितारे हमेशा कुछ न कुछ नया करने को लेकर चर्चा में रहते हैं.
एक ओर आमिर ने गजनी के लिए 8 पैक्स ऐब्स बना डालीं तो वहीं अब अभिषेक बच्चन ने भी अपनी अगली फ़िल्म रावण के लिए ख़ासतौर से मेहनत करने में जुट गए हैं.
फ़िल्म में अभिषेक के किरदार को काफ़ी अनुशासित दिखाया गया है और फ़िल्म में मणिरत्नम ने इस बात का ख़ास ख़्याल रखा है कि अभिषेक, रावण बनने के लिए ख़ास तरह का भोजन और कसरत करके फिल्म के चरित्र को बखूबी निभाएँ.
फ़िल्म के एक सीन की शूटिंग के लिए अभिषेक को लगातार आठ घंटे पानी में भी रहना पड़ा.
जूनियर बी की यह मेहनत क्या रंग लाती है यह फ़िल्म देखने के बाद दर्शक ही तय करेंगे. फ़िल्म की ज़्यादातर शूटिंग श्रीलंका में की गई है.
*****************************************************************
ये उदासीनता
सत्तर के दशक के सुपरस्टार राजेश खन्ना लंबे समय बाद फ़िल्मी पर्दे पर वापसी कर रहे हैं. फ़िल्म का नाम है-वफ़ा.
लेकिन उनकी वापसी के तौर पर प्रचारित इस फ़िल्म के बारे में लोगों में कुछ ख़ास दिलचस्पी दिखाई नहीं दे रही है.
फ़िल्म में राजेश खन्ना मुख्य भूमिका में हैं. उनकी एक जवान बीवी है और उस बीवी की ज़िंदगी में एक पुरुष है.
वफ़ादारी, मोहब्बत और बेवफ़ाई की इस कहानी में क्या ख़ास होगा ये तो पता नहीं लेकिन अपने ज़माने के सुपरस्टार राजेश खन्ना की फ़िल्म के प्रति ऐसी उदासीनता की कल्पना नहीं की जा सकती थी.