http://www.bbcchindi.com

मंगलवार, 16 दिसंबर, 2008 को 09:59 GMT तक के समाचार

पाँच करोड़ पाउंड का तलाक़

मैडोना ने अपने तलाक के निपटारे के लिए अपने पू्र्व पति गाइ रिची को क़रीब पाँच करोड़ पाउंड का भुगतान किया है.

अमरीका में इस पॉप स्टार की प्रवक्ता लिज़ रोज़ेनबर्ग ने समाचार एजेंसी एसोसिएटेड प्रेस को बताया कि इस राशि में दंपत्ति के ब्रिटेन स्थित घर की क़ीमत भी शामिल है.

उन्होंने कहा कि इस भुगतान का वित्तीय भाग तो पूरा हो चुका है लेकिन उनके तीनों बच्चों में से किसकी देखरेख कौन करेगा, इस पर अभी सहमति होनी अभी बाकी है.

उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि तलाक के निपटारे के लिए यह अब तक की सबसे बड़ी राशि में से एक है."

इसी साल सर पॉल मैककर्टनी ने अपनी पत्नी को तलाक के निपटारे के लिए 2.43 करोड़ पाउंड दिए थे जो इस राशि से काफ़ी कम हैं.

रोज़ेनबर्ग ने कहा कि रिची को पाँच से छह करोड़ पाउंड के बीच की राशि अदा की गई है.

पैसे की भूमिका

बीबीसी न्यूज़ को भेजे एक ईमेल में उन्होंने कहा कि वे पहले की उन रिपोर्टों की तस्दीक कर रही हैं जिनमें कहा गया था कि रिची को 3.9 से 4.6 करोड़ पाउंड मिलेंगे.

उन्होंने इससे ज़्यादा जानकारी देने से इनकार कर दिया और राशि के अंतर का स्पष्टीकरण देने के लिए वे उपलब्ध नहीं थीं.

पिछले महीने जब इनके तलाक को मंज़ूरी मिली थी, रिची ने कहा था कि इस तलाक में पैसे की कोई भूमिका नहीं होगी.

मैडोना और गाइ रिची ने आठ साल पहले दिसंबर 2000 में स्कॉटलैंड में शादी रचाई थी जबकि उनके तलाक़ को पिछले महीने लंदन हाई कोर्ट से क़ानूनी मंज़ूरी मिली.

तलाक का आधार

अदालत के कागज़ात के अनुसार मैडोना ने फ़िल्म निर्देशक रिची के अजीब व्यवहार के आधार पर तलाक माँगा था.

मैडोना ने एक बयान में यह भी कहा है कि पिछले छह महीनों से वे एक साथ नहीं रह रहे हैं.

पता लगा है कि मैडोना और उनके पति में यह तय हुआ है कि उनके दो बच्चे जिनमें एक को उन्होंने गोद लिया था, दोनों की देखरेख में रहेंगे जबकि पहले के एक संबंध से पैदा हुई मैडोना की 12 वर्षीय बेटी मैडोना के साथ ही रहेगी.

मैडोना आजकल अपने 'स्टिकी एंड स्वीट वर्ल्ड टूर' पर हैं.