शुक्रवार, 14 नवंबर, 2008 को 17:32 GMT तक के समाचार
पूजा तिवारी
बीबीसी संवाददाता
मनोरंजन की दुनिया से सप्ताह भर की चटपटी ख़बरें समेटे बीबीसी हिंदी एफ़एम का विशेष कार्यक्रम 'बीबीसी टेक वन'.
इस हफ्ते रिलीज़ हुइ फ़िल्म 'दोस्ताना' के बारे में निर्माता करण जौहर का कहना है कि ये एक मस्ती भरी रोमैंटिक कॉमेडी फ़िल्म है और पहली बार निर्देशन कर रहे तरुण मनसुखानी ने बहुत अच्छी फ़िल्म बनायी है.
तरुण ने बीबीसी को बताया कि ये दोस्ती पर आधारित तीन लोगों की कहानी है
फ़िल्म में लीड हीरोइन हैं प्रियंका चोपड़ा जो कहती हैं कि शुटिंग के दौरान जॉन अब्राहम की फ़िटनेस और उसके लिये उनकी मेहनत सभी के लिये एक मिसाल थी.
फ़िल्म क्रिटिक सुभाष के झा का कहना है कि इस फ़िल्म को बहुत अच्छे तरीक़े से पेश किया गया है और फिर तीन बड़े ऐक्टर भी हैं इसमें. साथ ही एक बिलकुल अलग मुद्दे को लेकर बनायी गयी है ये फ़िल्म और उन्हें उम्मीद है कि बड़े शहरों में तो ज़रुर पसंद की जाएगी.
इस हफ्ते रिलीज़ हुइ है एक और फ़िल्म जिसका नाम है 'दसविदानिया' जिसका रुसी भाषा में अर्थ है अलविदा.
शशांत शाह निर्देशित इस फ़िल्म में मुख्य भूमिका में हैं अभिनेता विनय पाठक और उनका साथ दे रहे हैं नेहा धूपिया, रजत कपूर औऱ रनवीर शौरी. फ़िल्म का संगीत दिया है कैलाश खेर ने.
बीबीसी टेक वन के टिंसल टॉक में आमिर बता रहे हैं कि उन्हें फ़िल्म' गजिनि' के लिये अपनी फ़िटनैस को लेकर कितनी मेहनत करनी पड़ी.
अभिनेत्रीसेलीना जेटली ने बताया कि उन्हें ये नहीं पता कि उनकी हॉलीवुड फ़िल्म 'क्वेस्ट ऑफ़ शेहरज़ाद' में उनके साथ शॉन कॉनरी या ऑरलैंडो ब्लूम काम कर रहे हैं या नहीं.
अभिनेता बोमन ईरानी कहते हैं कि उनकी आने वाली फ़िल्म 'महारथी' में उन्हें मौका मिला है सिनेमा के तीन महारथीयों के साथ काम करने का, नसीरुद्दीन शाह, ओमपुरी और परेश रावल.
जूही चावला ने 13 नवंबर को मनाया अपना जन्मदिन और उन्होंने बीबीसी को बताया कि उन्होंने फ़िल्मों में शुरुआत कैसे की.
बीबीसी टेक वन में ख़ास बातचीत बाल कलाकर स्वीनी खेरा से भी जिन्होंने फ़िल्म 'चीनी कम' में अमिताभ बच्चन के साथ बहुत अच्छा अभिनय किया था. स्वीनी ने बताया कि वो पढ़ाई में भी उतनी ही अच्छी हैं जितनी अभिनय में.
स्वीनी ने ये भी बताया कि वो अब शाहिद कपूर के साथ नज़र आएँगी फ़िल्म 'पाठशाला' में और ये भी कि वो ऋतिक रौशन के साथ फ़िल्म में काम करने की इच्छुक हैं.