http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 29 सितंबर, 2008 को 11:14 GMT तक के समाचार

स्कारलेट ने रेनॉल्ड्स से शादी की

हॉलीवुड की अदाकारा स्कारलेट योहान्सन ने अपने सह-अभिनेता रेनॉल्ड्स के साथ विवाह कर लिया है. इस बात की पुष्टि उनके पब्लिसिस्ट ने की.

अमरीका की पत्रिका यूएस वीकली ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि विवाह का सादा सा समारोह कनाडा में वैनकूवर के बाहर एक दूरस्थ रिजॉर्ट पर आयोजित किया गया.

फ़िल्म 'लॉस्ट इन ट्रांस्लेशन' की नायिका स्कारलेट का फ़रवरी 2007 से रेनॉल्ड्स के साथ संबंध रहा है.

स्कारलेट ने अपनी सगाई की घोषणा चार महीने पहले ही कर दी थी जब उन्होंने तीन कैरेट की हीरे की अंगूठी दिखाई थी.

लोगों को झटका

इनकी शादी कुछ लोगों के लिए आश्चर्यचकित कर देने वाली घटना हो सकती है क्योंकि इस अभिनेत्री ने पिछले महीने ही एक इंटरव्यू में कहा था कि उनकी जल्दी शादी करने की कोई योजना नहीं है.

उन्होंने कहा था, "हमने अभी कुछ ही दिन पहले सगाई की है और अभी इससे आगे हमारी कोई बड़ी योजना नहीं है."

स्कारलेट ने कहा था, "मेरा मतलब है कि मैं अभी कुल 23 साल की हूँ इसलिए जल्दी करने की कोई ज़रूरत नहीं लगती. सब कुछ बहुत सामान्य और आसान है."

इससे पहले रेनॉल्ड्स की सगाई कनाडा की गायिका एलेनिस मोरिस्ते के साथ हुई थी.