पूजा तिवारी
बीबीसी संवाददाता, दिल्ली
मनोरंजन की दुनिया से सप्ताह भर की चटपटी ख़बरें समेटे बीबीसी हिंदी एफ़एम के विशेष कार्यक्रम 'बीबीसी टेक वन' के इस अंक में बताएँगी भारत में इस सप्ताह रिलीज़ हो रही फ़िल्मों के बारे में...
हमारे साथ हैं बीबीसी हिंदी के फ़िल्म क्रिटिक सुभाष के झा जिनके साथ आप जान पाएँगे पिछले सप्ताह रिलीज़ हुई फ़िल्मों की बॉक्स आफ़िस रिपोर्ट भी.
इस हफ़्ते सिनेमा हाल्स में पहुँच रही है डायरेक्टर कुणाल शिवदसानी की फ़िल्म 'हाइजैक' जिसमें एशा दिओल के साथ काम कर रहे हैं एक्टर शाइनी अहूजा.
डायरेक्टर नीरज पांडे की आतंकवाद की पृष्ठभूमि पर बनी फ़िल्म 'अ वेडनेसडे' में एक लंबे समय बाद साथ नज़र आएँगे जाने माने एक्टरस अनुपम खेर और नसीरुद्दीन शाह.
निर्देशक संतोष सिवन की फ़िल्म 'तहान' भी इसी हफ्ते रिलीज़ हो रही है. फ़िल्म कश्मीर में रहने वाले एक बच्चे और उसके गधे की कहानी हैं. फ़िल्म में बच्चे का किरदार कर रहे हैं पूरव भंडारी. इसके अलावा सारिका, अनुपम खेर और राहुल बोस भी हैं इस फ़िल्म में.
बीबीसी टेक वन में मधुर भंडारकर से जानेंगे की तीसरी बार अपनी फ़िल्म के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार मिलने पर वो कितना ख़ुश हैं.
विधु विनोद चोपड़ा बताएँगे अपने जीवन के सबसे ख़ास दिन के बारे में.
एक्टर विवेक ओबरॉय दिल खोल कर करेंगे बात और उनसे जानेंगे कि वो स्कूल के दिनों में कितने शैतान थे और उनकी पहली गर्ल फ्रैंड कौन थी.
एक्टर सलमान ख़ान के भाई अरबाज़ से पूछेंगे कि वो, सलमान और उनका परिवार कैसे मना रहे हैं गणेश चतुर्थी.
इसी हफ्ते शुरु हुए टोरोंटो फ़िल्म फ़ेस्टिवल में दिखाइ जाने वाली भारतीय फ़िल्मों की भी करेंगे बात.
सुष्मिता सेन बताएँगी कि एक्टरस अब टेलिविज़न पर काम करने से क्यों नहीं हिचकिचाते.
इसके अलावा बीबीसी टेक वन पर हम मनाएँगे जन्मदिन एक्टर ऋषि कपूर का.