http://www.bbcchindi.com

बुधवार, 27 अगस्त, 2008 को 16:42 GMT तक के समाचार

मैडोना का विश्व दौरा

मैडोना ने कार्डिफ़ में अपना नया विश्व दौरा शुरू किया है. वे यह जताना चाहती हैं कि अब 50 की उम्र में भी वे अपने प्रशंसकों को स्टेज पर प्रदर्शन कर लुभा सकती हैं.

अपने विशेष ऊर्जा से भरपूर प्रदर्शन में इस पॉप सुपरस्टार ने दो घंटे तक अपने 25 साल के करियर के हिट गाने सुनाए.

इस प्रदर्शन में उन्होंने कई पुराने लोकप्रिय गाने कुछ अलग अंदाज़ में गाए जैसे लाइक ए प्रेयर का रीमिक्स और ए रॉक टेक ऑन बॉर्डरलाइन.

ब्रेंटवुड, एसेक्स के 23 वर्षीय लुइस एल्डोस कहते हैं, वह उम्र के साथ बेहतर होती जा रही है.

उन्होंने कहा, "मैडोना अविश्वसनीय लग रही थी. लग रहा था कि जैसे वह 30 साल की है. पिछले दिनों में यह दौरा सबसे तेज़ चाल वाला था ख़ासकर 'लाइक ए प्रेयर'."

शो देखने ऑस्ट्रेलिया के सिडनी से आईं 32 वर्षीय मारिया पैराडिसिस कहती हैं, "मैडोना का डांस हिला देने वाला था."

उन्होंने कहा, "वह अब भी दर्शकों को उसी तरह बाँधती हैं जैसे वो 20 बरस की हों."

निराशा

लेकिन मिलेनियम स्टेडियम में उनके कुछ प्रशंसक उनके प्रदर्शन से खुश नहीं थे.

कार्डिफ़ की सूसन हार्वी ने कहा, "वह कुछ पारंपरिक गाने नहीं कर पाईं जिसके लिए लोग उन्हें पसंद करते हैं."

उन्होंने कहा, "85 डॉलर की टिकट लेकर मुझे बहुत निराशा हुई है."

26 बरस के डेनियल व्हीलर कहते हैं, "वह कायली की तरह बढ़िया नहीं है." जबकि लंदन से आईं स्टीफ़नी ओलोकोपा इस शो को 10 में से छह अंक देती हैं.

वे कहती हैं, "वह देरी से आई थी और उन्होंने लोगों को धन्यवाद तक नहीं कहा."