रविवार, 20 जुलाई, 2008 को 13:38 GMT तक के समाचार
बैटमैन सिरीज़ की नई फ़िल्म द डार्क नाइट ने एक दिन में बॉक्स ऑफ़िस पर सबसे ज़्यादा कमाई करने का नया रिकॉर्ड बनाया है.
वार्नर ब्रदर्स का दावा है कि शुक्रवार को अमरीका में रिलीज़ हुई इस फ़िल्म ने स्पाइडरमैन-3 का पाँच करोड़ 98 लाख डॉलर कमाने का रिकॉर्ड तोड़ा.
आलोचकों ने भी फ़िल्म की काफ़ी तारीफ़ की है.
द डार्क नाइट का निर्देशन क्रिस्टोफ़र नोलन ने किया है और क्रिसटियन बेल ने इसमें मुख्य भूमिका निभाई है. इसमें हीथ लेजर ने भी काम किया है जिनकी पिछले साल मौत हो गई थी.
हीथ लेजर
हीथ लेजर की मौत ज़्यादा मात्रा में नशीला पदार्थ लेने का कारण हुई थी. हीथ को मैनहट्टन स्थित उनके फ़्लैट में अचेत अवस्था में पाया गया था जिन्हें बाद में मृत घोषित कर दिया गया था.
फ़िल्म में उन्होंने जोकर का किरदार निभाया है.
कुछ लोग अभी से कह रहे हैं कि उन्हें मरणोपरांत ऑस्कर सम्मान दिया जाना चाहिए.
28 वर्षीय हीथ लेजर को ‘ब्रोकबैक माउंटेन’ फ़िल्म में समलैंगिक चरवाहे की भूमिका के लिए ऑस्कर पुरस्कार के लिए नामांकित किया
गया था.
पिछले हफ़्ते हीथ के सह अभिनेताओं ने न्यूयॉर्क में फ़िल्म के प्रीमियर पर उन्हें श्रद्वांजलि दी थी.
बैटमैन सिरीज़ की पिछली फ़िल्म 2005 में आई थी- बैटमैन बिगेनस और उसने कुल 37 करोड़ 20 लाख डॉलर की कमाई की थी.