http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 10 मई, 2008 को 12:28 GMT तक के समाचार

शाहरुख़ की जोड़ी बनी अनुष्का के साथ

किंग खान के साथ फ़िल्म में जोड़ी बनना किसी भी नई अभिनेत्री के लिए किसी सपने से कम नहीं होता. अब की बार ये सपना सच हुआ है बंगलौर की 19 साल की अनुष्का शर्मा का.

यशराज बैनर की बहुचर्चित फ़िल्म रब ने बना दी जोड़ी के लिए शाहरुख़ खान के साथ मॉडल अनुष्का शर्मा को साइन किया गया है.

फ़िल्म का निर्देशन आदित्य चोपड़ा कर रहे हैं. वे आठ साल बाद कोई फ़िल्म निर्देशित करेंगे.

इस फ़िल्म में शाहरुख़ की अभिनेत्री कौन होगी इसे लेकर लंबे समय से अटकलें लगती रही हैं. पहले ख़बरें आईं थी कि शाहरुख़ की जोड़ी सोनम कपूर के साथ बनेगी.

घोषणा

लेकिन यशराज फ़िल्म के चेयरमैन यश चोपड़ा ने मुंबई में घोषणा की है कि रब ने बना दी जोड़ी में अनुषका को बतौर हीरोइन साइन किया गया है.

यश चोपड़ा ने कहा, "हम एक ऐसी हीरोइन की तलाश में थे जो एक छोटे शहर से आने वाली पंजाबी लड़की का रोल निभा सके और ये बातें हमें अनुष्का में नज़र आईं. अनुष्का के पास अभिनय का कोई अनुभव नहीं है लेकिन हमने उसमें अलग ही प्रतिभा देखी है."

फ़िल्म की शूटिंग 16 मई को शुरू होगी और ये फ़िल्म 12 दिसंबर को रिलीज़ की जाएगी.

'रब ने बना दी जोड़ी' साल की सबसे चर्चित फ़िल्मों में से एक है.