रविवार, 04 मई, 2008 को 18:08 GMT तक के समाचार
हॉलीवुड में आजकल पॉप गायिका मारिया केरी की शादी को लेकर चर्चा ज़ोरों पर है.
इस तरह की ख़बरें आ रही है कि केरी ने अभिनेता निक कैनन से शादी कर ली है.
दोनों एक वीडियो एल्बम की शूटिंग के दौरान निकट आए और उनका प्यार परवान चढ़ने लगा.
हालाँकि ना ही मारिया केरी और न ही निक कैनन की ओर से शादी की पुष्टि हुई है.
कुछ वेबसाइटों और चैनलों ने कैनन के परिजनों और धर्मगुरुओं का हवाला देते हुए कहा है कि दोनों ने शादी कर ली है.
इसी साल मार्च के आख़िर में 27 वर्षीय कैनन की मुलाक़ात मारिया केरी से हुई.
पिछले सप्ताहांत दोनों न्यूयॉर्क के एक फ़िल्म समारोह में साथ-साथ दिखे जहाँ मारिया हीरे की अंगूठी पहनी नज़र आईं.
एक चर्च के पादरी का कहना है कि वो दोनों की शादी के मौके पर मौजूद थे.
हालाँकि ऐसी ख़बरें भी आ रही है कि मारिया प्रचार पाने के लिए इस तरह के संकेत दे रही हैं.
मारिया केरी ने 1993 में हॉलीवुड के संगीत गुरु कहे जाने वाले टॉमी मोटोला से शादी की थी लेकिन 1998 में दोनों के बीच रिश्ता टूट गया.