http://www.bbcchindi.com

मंगलवार, 29 अप्रैल, 2008 को 13:05 GMT तक के समाचार

पेरिस में भी शाहरुख़ की प्रतिमा

इस बात से शायद ही कोई इनकार करे कि शाहरुख़ ख़ान बॉलीवुड के बादशाह है पर उनकी ख़्याति धीरे-धीरे यूरोप में भी फैल रही है.

पहले फ्रांस की सरकार ने उन्हें प्रतिष्ठित 'ऑफ़िसर ऑफ आर्डर ऑफ आर्टस एंड लिटरेचर' से नवाज़ा और पेरिस स्थित प्रसिद्ध 'ग्रेविन वैक्स म्यूज़ियम' में उनकी प्रतिमा लगी है.

एजेंसियों के हवाले से कहा गया है कि शाहरुख़ ख़ान ने सोमवार को ग्रेविन वैक्स म्यूज़ियम में मोम से बनी अपनी आदमक़द प्रतिमा का अनावरण किया.

शाहरूख ख़ान के अलावा सिर्फ़ राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी ही ऐसे भारतीय है जिनकी प्रतिमा इस म्यूज़ियम में लगी हुई है.

उल्लेखनीय है कि लंदन के प्रसिद्ध मैडम तुसॉद म्यूज़ियम में भी शाहरूख़ ख़ान की प्रतिमा लगी हुई है. इस म्यूज़ियम में बॉलिवुड के अमिताभ बच्चन, ऐश्वर्या राय और सलमान ख़ान की भी प्रतिमा है.

हाल के वर्षों में भारतीय मध्यवर्ग के आमदनी में बढ़ोतरी से यूरोप जाने वाले टूरिस्टों की संख्या में ख़ासा इज़ाफ़ा हुआ है.

लंदन स्थित तुसॉद म्यूज़ियम जाने वाले टूरिस्टों की संख्या को देखते हुए फ्रांस की सरकार को उम्मीद है टूरिस्टों का आकर्षण ग्रेविन वैक्स म्यूज़ियम में भी बढ़ेगा.