http://www.bbcchindi.com

गुरुवार, 17 अप्रैल, 2008 को 10:12 GMT तक के समाचार

सुशील कुमार झा
बीबीसी संवाददाता, मुंबई

शाहरुख़ देंगे चक दे स्पीच

इंडियन प्रीमियर लीग में खेलने वाली कोलकाता नाइट राइडर्स के मालिक शाहरुख़ ख़ान अपनी टीम को चक दे इंडिया की तर्ज़ पर एकजुट करेंगे.

शाहरुख़ की टीम में सौरभ गांगुली और रिकी पोंटिंग से लेकर ईशांत शर्मा जैसे खिलाड़ी हैं और इतने बड़े खिलाड़ियों को एक साथ लेकर चलना किसी के लिए भी चुनौती हो सकती है.

तीन घंटे हैं तुम्हारे पास

इस संबंध में पूछे जाने पर शाहरुख़ ने मज़ाकिया जवाब दिया- "अपनी टीम के लिए मैंने चक दे इंडिया की तर्ज़ पर भाषण तैयार किया है. इस बार कहना होगा... तीन घंटे ....तीन घंटे हैं तुम्हारे पास.... जो हासिल कर लोगे वो ख़ुदा भी तुमसे छीन नहीं पाएगा..."

मुंबई में कोलकाता नाइट राइडर्स टीम के लिए म्यूज़िक लांच करते हुए शाहरुख़ ने स्पष्ट किया कि वो टीम के प्रमोशन के लिए सबसे ज़्यादा अपना ही इस्तेमाल कर रहे हैं ताकि खिलाड़ियों को अभ्यास का समय मिले.

टिकटों की कम बिक्री होने और अच्छा व्यावसाय न होने के बारे में शाहरुख़ का कहना था कि अब टिकटों की बिक्री बढ़ गई है.

यह पूछे जाने पर कि क्या वो व्यवसाय से खुश हैं तो उनका कहना था "हां अभी तो ठीक चल रहा है. कई प्रायोजक मिले हैं और कई लोगों ने मदद की है. ईमानदारी से कहूं तो मुझे लगता है कि शायद हमारी टीम को थोड़ा बहुत फ़ायदा हो सकेगा."

सरकारी मदद नहीं

शाहरुख़ इससे पहले भी कह चुके हैं कि उन्हें क्रिकेट के क्षेत्र में जितनी उम्मीदें थीं उतना फ़ायदा होता दिख नहीं रहा है.

वो बार-बार कहते रहे कि ये मुश्किल डगर है और ये रास्ता कई लोगों की मदद से वो पूरा कर रहे हैं.

उल्लेखनीय है कि कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम को पश्चिम बंगाल सरकार ने आयकर में कोई छूट नहीं दी है जबकि अन्य राज्यों की टीमों को आयकर में छूट मिली है.

अभिनय के क्षेत्र में शाहरुख़ को कभी कोई मुश्किल नहीं हुई है लेकिन लगता है कि क्रिकेट के व्यवसाय का सुपरस्टार बनने में उन्हें वक़्त लगेगा.