http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 05 अप्रैल, 2008 को 14:27 GMT तक के समाचार

सलमान की आँखों में लंदन के सपने

पिछले करीब दो वर्षों से लटकी बॉलीवुड फ़िल्म 'लंदन ड्रीम्स' की शूटिंग आख़िरकर जून में शुरू हो रही है.

फ़िल्म का लीड रोल सलमान ख़ान को मिला है और 'नमस्ते लंदन' वाले विपुल अम्रृतलाल शाह इसे निर्देशित करेंगे.

पहले इस फ़िल्म को राज कुमार संतोषी र्निदेशित करने वाले थे लेकिन संतोषी 'हल्ला बोल' बनाने में व्यस्त थे और इसके कारण 'लंदन ड्रीम्स' का काम पूरी तरह से रुका हुआ था.

अब जून में फ़िल्म की शूटिंग शुरू होने जा रही है लेकिन संतोषी की जगह पर अब विपुल अम्रृतलाल शाह को ले लिया गया है.

विपुल शाह की 'नमस्ते लंदन' ने ब्रिटेन में काफ़ी कमाई की थी.

'लंदन ड्रीम्स'

'लंदन ड्रीम्स' फ़िल्म की सबसे ख़ास बात होगी कि संजय लीला भंसाली की 'हम दिल दे चुके सनम' के बाद अजय देवगन और सलमान का एक साथ काम करेंगे.

सलमान खान की ब्रिटेन के एशियाई समुदाय में अच्छी ख़ासी लोकप्रियता है. इस साल लंदन के मशहूर मैडम तुसॉद म्यूज़ियम में उनकी मोम की मूर्ति भी लगाई गई है.

सलमान खान इसके अलावा सुभाष घई के साथ युवराज फ़िल्म कर रहे हैं.

लंदन ड्रीम्स में लीड रोल सलमान के हाथों में है लेकिन अजय भी इस फ़िल्म में प्रमुखता से नज़र आएँगे.

इस बात की पुष्टि नहीं हो सकी है कि फ़िल्म में अभिनेत्री का लीड रोल किसे दिया जाएगा लेकिन ख़बरें हैं कि शाह इस रोल के ज़रिए किसी नई अभिनेत्री को पेश करेंगे.