बुधवार, 19 मार्च, 2008 को 13:58 GMT तक के समाचार
कलाकृतियों की नीलामी करने वाली संस्था क्रिस्टी के न्यूयॉर्क कार्यालय ने मशहूर भारतीय चित्रकार मकबूल फ़िदा हुसैन की पेंटिंग्स की नीलामी रोकने से इंकार कर दिया है.
क्रिस्टी को एक पत्र भेजकर भारतीय-अमरीकी बुद्धिजीवी फ़ोरम ने चेतावनी दी थी कि अगर एमएफ़ हुसैन के चित्रों की नीलामी वापस नहीं ली गई तो वह प्रदर्शन करेगा.
2006 में एमएफ़ हुसैन ने एक हिंदू देवी का नग्न चित्र बनाया था और कुछ संगठनों के विरोध के बाद माफ़ी मांगी थी.
हिंदूवादी संगठनों का कहना था कि हुसैन ने हिंदू देवी-देवताओं के अपमानजनक और अश्लील चित्र बनाए हैं.
क्रिस्टी को लिखे पत्र में भारतीय-अमरीकी बुद्धिजीवी फ़ोरम के अध्यक्ष नारायण कटारिया ने कहा है कि 20 मार्च होने वाली हुसैन के चित्रों की नीलामी रोकी नहीं गई तो उनका संगठन प्रदर्शन करेगा.
पत्र में कटारिया ने कहा है कि मक़बूल फ़िदा हुसैन ने भारत में हिंदू देवी-देवताओं के 'अपमानजनक' चित्र बनाकर काफ़ी बदनामी कमाई है.
क्रिस्टी के एक प्रवक्ता ने पत्र मिलने की पुष्टी की है. प्रवक्ता के अनुसार उनका नीलामी रोकने का कोई कार्यक्रम नहीं है.
क्रिस्टी को उम्मीद है कि हुसैन की कुछ पेंटिंग्स 48 लाख रुपए से भी अधिक में बिकेंगी.
पिछले साल मुंबई पुलिस ने हुसैन की संपत्ति को ज़ब्त करने की कार्रवाई शुरू की थी.
यह कार्रवाई उनके ख़िलाफ़ दायर अश्लीलता के एक मामले की सुनवाई में हाज़िर न होने पर शुरू की गई थी.
मक़बूल फ़िदा हुसैन अब मध्य एशिया के किसी देश में बसने के बारे में सोच रहे हैं.