सोमवार, 17 मार्च, 2008 को 16:39 GMT तक के समाचार
दुर्गेश उपाध्याय
बीबीसी संवाददाता, मुंबई से
रवि चोपड़ा की फ़िल्म भूतनाथ में अमिताभ बच्चन का लुक लोगों के सामने पेश किया गया. बिग बी भूतनाथ के रूप में मीडिया के सामने ख़ुद पेश हुए.
इस मौके पर उन्होंने मीडिया के कई खट्टे-मीठे सवालों के जवाब दिए. बच्चन साब इस फिल्म में एक भूत का किरदार निभा रहे हैं.
एक बात जो इस मौके पर खास देखने को मिली वो ये कि उन्होंने इस फिल्म के निर्देशक विवेक शर्मा की जमकर तारीफ़ की.
विवेक इससे पहले शाहरुख की कंपनी से जुड़े रहे हैं और भूतनाथ उनकी एक डाइरेक्टर की हैसियत से पहली फिल्म है.
**********************************************
अपने बस का नहीं है...
शाहरुख़ ख़ान के सिक्स पैक ऐब्स ने आजकल बॉलीवुड के अभिनेताओं में 'सिक्स पैक एब्स' बनाने की होड़ लगा दी है. मगर फ़रदीन ख़ान के लिए यह एक मुसीबत बन गई.
दरअसल फिल्म 'एसिड फैक्ट्री' के लिए निर्माता संजय गुप्ता चाहते थे कि फरदीन 'सिक्स पैक एब्स' में अपना गठीले शरीर को पर्दे पर दिखाएं. लेकिन लाड़-प्यार और शानो-शौकत से पले फरदीन खान के लिए फिल्म 'एसिड फैक्ट्री ' मुसीबत का कारण बन गई है.
दरअसल हुआ यह कि बेचारे फरदीन को एक फिटनेस ट्रेनर के हवाले कर दिया गया. इसके बाद फरदीन की 'सिक्स पैक एब्स' बनाने की ट्रेनिंग शुरु तो हो गई, मगर बहुत जल्द ही उनकी हिम्मत ने जवाब दे दिया.
जब फरदीन के न आने का कारण पूछा गया तो पता चला कि 'सिक्स पैक एब्स' बनाने के चक्कर में वे बीमार पड़ गए हैं.
****************************************************
ये नज़दीकियाँ
दीपिका पादुकोण की नज़दीकियां अब धीरे-धीरे कपूर ख़ानदान से बढ़ रही हैं. हाल ही में जब अपने पसंदीदा अभिनेता ऋषि कपूर से मिलीं तो उनके लिए यह दोहरी खुशी का मौक़ा था.
वह ऋषि कपूर के बेटे रणबीर कपूर की गर्लफ्रेंड की हैसियत से उनसे मिल रहीं थीं. इन दिनों दीपिका की नज़दीकियाँ रणबीर कपूर से काफी बढ़ी हैं.
दीपिका के अनुसार बचपन से ही वह ऋषि कपूर की प्रशंसक रही हैं. उन्होंने कई बार कर्ज़ और कभी-कभी जैसी फिल्में देखी हैं.
**************************************************
हम साथ-साथ हैं
भले ही मीडिया में कटरीना और सलमान के रिश्ता टूटने की अटकलें ज़ोर पर हैं लेकिन आजकल वे एक के बाद एक फिल्म धड़ाधड़ साइन करने में व्यस्त हैं.
दिलचस्प बात तो यह है कि इन फिल्मों में वह युवा अभिनेताओं के साथ अभिनय करती दिखेंगी.
पिछले साल उनकी दो फिल्में वेलकम और नमस्ते लंदन बॉक्स आफिस पर बड़ी हिट रही हैं इसीलिए उनके पास ढेर सारे नए प्रस्ताव आ रहे हैं.
एक तरफ कटरीना जहाँ रनबीर कपूर के साथ राजकुमार संतोषी की फिल्म में नजर आएंगी, वहीं नील मुकेश के साथ भी एक फिल्म करेंगी.
************************************************
एक लोकप्रिय जोड़ी की वापसी
फिल्म निर्देशक फरहान अख़्तर और बॉलीवुड में छोटे नवाब कहे जाने वाले अभिनेता सैफ़ अली खान की जोड़ी एक बार फिर लोगों का मनोरंजन करेगी.
फिल्म 'दिल चाहता है' की जबरदस्त सफलता के बाद कई सालों पहली बार फ़रहान की फिल्म में सैफ़ नज़र आएँगे. दरअसल, फ़रहान की फ़िल्म 'वॉयस फ्रॉम द स्काइ' में सैफ़ मुख्य भूमिका निभाएँगे.
'दिल चाहता है' में सैफ़ की भूमिका की तारीफ तो लोगों ने की थी लेकिन देखने वाली बात होगी कि क्या ये जोड़ी फिर से वो करिश्मा दोबारा दिखा पाएगी.
************************************************
माँ ख़ुश नहीं हैं
सुनने में आया है कि बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री करीना कपूर की मां बबीता कपूर को सैफ़ और करीना का रिश्ता पसंद नहीं है.
सैफ और करीना का प्यार फिल्म 'टशन' की शूटिंग के दौरान परवान चढ़ा. इसी दौरान करीना ने शाहिद को अपनी जिंदगी से बाहर कर दिया.
शायद बबीता नहीं चाहती कि उनकी बेबो उम्रदराज सैफ को अपना जीवनसाथी बनाए. इस बात को लेकर सैफ़ और करीना काफी परेशान हैं.
अब तो हालत ये हो गई है कि सैफ़ के बारे में पूछे जाने पर करीना टालने की कोशिश करने लगती हैं.