http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 15 मार्च, 2008 को 13:39 GMT तक के समाचार

16 लाख, सिर्फ़ 20 मिनट की मुलाक़ात के

बीस मिनट की मुलाक़ात के लिए 16 लाख रुपये. सुनने में भले ही अटपटा लगे, लेकिन हॉलीवुड अभिनेत्री स्कारलेट जोहान्सन के एक प्रशंसक ने उनसे मिलने की यही कीमत चुकाई है.

चैरिटी संस्था ऑक्सफ़ेम के लिए हुई एक ऑनलाइन नीलामी में प्रशंसक ने स्कारलेट से 20 मिनट की मुलाक़ात के लिए 20 हज़ार पाउंड यानी करीब 16 लाख रुपये की बोली लगाई.

अमरीका में जुलाई में होने वाले अपनी नई फ़िल्म के प्रीमियर के मौके पर स्कारलेट अपने इस ख़ास प्रशंसक के साथ होंगी.

हालाँकि बोली लगाने वाले ब्रिटेन के इस प्रशंसक की पहचान सार्वजनिक नहीं हो सकी है, लेकिन ईबे पर उनका नाम बॉसनोर बताया गया है.

ग़रीबों के लिए चैरिटी

चैरिटी संस्था ऑक्सफ़ेम के प्रवक्ता का कहना है कि नीलामी से हासिल रक़म का इस्तेमाल ग़रीबों की मदद के लिए किया जाएगा.

स्कारलेट के साथ शाम गुज़ारने से पहले इस प्रशंसक का मेक-अप किया जाएगा.

स्कारलेट की नई फ़िल्म में ड्रयू बेरीमोर, जेनिफ़र एनिस्टन, जेनिफ़र कोनेली और बेन अफ़लेक भी सहायक भूमिकाओं में हैं.

ऑक्सफ़ेम के प्रवक्ता ने कहा, "ग़रीबी के ख़िलाफ़ लड़ने के लिए बीस मिनट की मुलाक़ात के 16 लाख रुपये और फ़िल्म की प्रीमियर के टिकटें वाकई शानदार योजना हैं."

उन्होंने कहा, "इस पूरी राशि का उपयोग दुनिया भर के ग़रीबों की मदद के लिए किया जाएगा."

इस बीच, ऑक्सफ़ेम ने एक और हॉलीवुड अभिनेत्री क्रिस्टीन डेविस की फ़िल्म 'सैक्स एंड द सिटी' के प्रीमियर के लिए भी ऐसी ही ऑनलाइन नीलामी की योजना बनाई है.

डेविस कहती हैं, "इस नीलामी की ख़ासियत ये है कि इसकी पूरी रक़म ऑक्सफ़ेम को जाएगी."