गुरुवार, 06 मार्च, 2008 को 18:40 GMT तक के समाचार
ब्रिटेन में पहला बॉलीवुड अभिनय स्कूल लंदन के ईलिंग इलाक़े में सितंबर से शुरू हो जाएगा.
ये स्कूल बॉलीवुड के जाने माने अभिनेता अनुपम खेर के अभिनय स्कूल 'एक्टर प्रिपेयर्स' सहयोग से शुरू किया जा रहा है.
इसमें तीन महीने का अभिनय पाठ्यक्रम होगा जिसमें बॉलीवुड अभिनेता और फ़िल्म निर्माता अभिनय कला को सिखाएँगे.
अनुपम खेर का कहना था,'' मैं दुनियाभर में ऐसे स्कूल खोलना चाहता हूँ. डरबन और सिडनी में भी ऐसे एक्टिंग स्कूल खोले जाने की योजना तैयार की गई है.''
उनका कहना था कि ब्रितानी फ़िल्म ‘बेंड इट लाइक बेकम’ देखने के बाद उन्हें अनुभव हुआ कि ब्रिटिश एशियाई लड़कियाँ फ़ुटबॉल को बेहद पसंद करती हैं.
बॉलीवुड में दिलचस्पी
खेर का कहना था कि उन्हें लगा कि ब्रिटेन और भारतीय फ़िल्मों के बीच और गहरे संबंध स्थापित करने की संभावना है.
ये अभिनय स्कूल एक्टर प्रिपेयर्स, ईलिंग इंस्टीट्यूट ऑफ़ मीडिया और हीथ्रो सिटी पार्टनरशिप के सहयोग से खोला जा रहा है.
हीथ्रो सिटी पार्टनरशिप के प्रमुख एश वर्मा का कहना था,'' मैं स्थानीय ब्रितानी एशियाई लोगों के बॉलीवुड प्रेम को आगे बढ़ाना चाहता हूँ. इसकी मदद से नई दक्षता, नौकरियाँ और कारोबार के अवसर बढ़ाने में मदद मिलेगी.''
उनका कहना था,'' मौजूदा ग्लोबल दुनिया में देश आपस में अधिक जुड़े हैं. ब्रिटेन और भारत को सिनेमा के बारे में एक दूसरे की दिलचस्पी का इस्तेमाल करते हुए कुछ ऐसा करना चाहिए जिससे दोनों देशों का फायदा हो.''