http://www.bbcchindi.com

गुरुवार, 28 फ़रवरी, 2008 को 12:47 GMT तक के समाचार

संजू-मान्यता ने आवेदन वापस लिया

हिंदी फ़िल्मों के जाने-माने अभिनेता संजय दत्त और उनकी पत्नी मान्यता ने गोवा में विवाह के पंजीकरण का आवेदन वापस ले लिया है. पिछले दिनों गोवा प्रशासन ने ग़लत निवास प्रमाणपत्र पर दोनों को कारण बताओ नोटिस जारी किया था.

गोवा में संजय दत्त और मान्यता की शादी का पंजीकरण नहीं हुआ था. उन्होंने अभी इसके लिए आवेदन ही दिया था. लेकिन आवेदन में ग़लत निवास प्रमाणपत्र का मामला उठ गया.

दरअसल गोवा में विवाह पंजीकरण के मामले में पुर्तगाली सिविल कोड, 1867 लागू है. जिसके तहत दोनों में से किसी एक के पास गोवा का जन्म प्रमाणपत्र या फिर वहाँ कम से कम छह महीने रहने का निवास प्रमाणपत्र होना आवश्यक है.

अब संजय दत्त और मान्यता ने दक्षिणी गोवा के रजिस्ट्रार कार्यालय में हलफ़नामा दायर करके सूचित किया है कि वे अपना आवेदन वापस ले रहे हैं क्योंकि वे स्पेशल मैरेज एक्ट 1954 के तहत शादी करना चाहते थे लेकिन अब उन्हें बताया गया है कि गोवा में ये क़ानून लागू नहीं है.

संजय-मान्यता की शादी की तस्वीरें

संजय दत्त और मान्यता ने अपने हलफ़नामे में कहा है कि चूँकि अब वे विवाह के पंजीकरण का आवेदन वापस ले रहे हैं इसलिए आवेदन के साथ दिए गए दस्तावेज़ों को सभी क़ानूनी प्रभाव से रद्द समझा जाए.

आवदेन

संजय दत्त और मान्यता ने सात फरवरी को विवाह के पंजीकरण के लिए आवेदन किया था. लेकिन इसे लेकर काफ़ी विवाद हो गया था और निवास प्रमाणपत्र पर सवाल भी उठे थे जिसके बाद कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया था.

और इसी आधार पर संजय और मान्यता की शादी का पंजीकरण भी रोक दिया गया था. वैसे 11 फरवरी को संजय दत्त और मान्यता ने हिंदू रीति-रिवाज़ से मुंबई में शादी की थी.

संजय दत्त और मान्यता की शादी की वैधता का सवाल मान्यता के पहले पति मेराज शेख़ ने भी उठाया है. मेराज शेख़ ने बांद्रा की एक अदालत में याचिका दायर करके कहा है कि अभी मान्यता से उनका तलाक़ नहीं हुआ है.

मेराज ने याचिका में कहा है कि उसने 15 अप्रैल 2003 को मान्यता से शादी की थी और मान्यता से उसका एक ढाई साल का बेटा भी है. उन्होंने माना है कि कि दोनों अलग-अलग रह रहे थे लेकिन उनके बीच तलाक़ नहीं हुआ है.

इस मामले में अभी फ़ैसला नहीं आया है लेकिन पूछताछ चल रही है.