http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 23 फ़रवरी, 2008 को 10:58 GMT तक के समाचार

ब्रिटनी स्पीयर्स बच्चों से मिल सकेंगी

विवादों से घिरी रहने वाली चर्चित गायिका ब्रिटनी स्पीयर्स का अपने पूर्व पति केविन फ़ेडरलाइन से एक समझौता हुआ है, अब वह अपने बच्चों से मिल सकेंगी.

ब्रिटनी के वकील मार्क विंसेंट कपलान ने कहा, "पॉप स्टार ब्रिटनी जल्द ही अपने बच्चों से मिल सकेंगी."

उन्होंने कहा कि ब्रिटनी और उनके पूर्व पति अदालती आदेश की समीक्षा पर राज़ी हुए थे.

बच्चों की पिछले अक्तूबर में फ़ेडरलाइन के हवाले कर दिया गया था.

वकील ने ब्रिटनी और उनकी पूर्व पत्नी के बीच हुए समझौते की विस्तृत जानकारी नहीं दी.

अदालती आदेश

ब्रिटनी स्पीयर्स और केविन फ़ेडरलिन की अक्तूबर 2004 में शादी हुई थी जबकि जुलाई 2007 में दोनो के बीच तलाक़ हो गया था.

उल्लेखनीय है कि पिछले साल अक्तूबर में अदालत ने ब्रिटनी से कहा था कि वह अपने दो छोटे बच्चों को अपने पूर्व पति को सौंप दे.

अदालत ने कहा था कि अगले आदेश तक दो साल के शॉन प्रेस्टन और एक वर्षीय जेडीन जेम्स को केविन फ़ेडरलाइन के हवाले कर दिया जाए.

इसके अलावा अदालत ने ब्रिटनी और उनकी संपत्ति की देखभाल के लिए उनके पिता को संरक्षक नियुक्त किया था.

पॉप स्टार ब्रिटनी को इस महीने की शुरुआत में शराब, नशीले पदार्थों का सेवन और निजी समस्याओं की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था.