http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 16 फ़रवरी, 2008 को 12:40 GMT तक के समाचार

संजय-मान्यता शादी की वैधता पर प्रश्न

गोवा प्रशासन ने मान्यता का आवासीय प्रमाण पत्र निलंबित हो जाने के बाद संजय दत्त के साथ उनकी शादी की वैधता पर सवाल उठाते हुए आगे की प्रक्रिया पर रोक लगा दी है.

मडगाँव ज़िले के अधिकारियों ने मान्यता के आवासीय प्रमाण पत्र को निलंबित कर दिया है. मान्यता ने शादी में इसी प्रमाण पत्र को लगाया है.

उप रजिस्ट्रार चंद्रकांत पिसरलेकर ने कहा, "शादी की कार्यवाही अगले आदेश तक रोक दी गई है. शादी के कागज़ात पर तब तक अंतिम दस्तख़त की अनुमति नहीं दी जाएगी जब तक कि मान्यता के आवासीय प्रमाण पत्र को बहाल नहीं कर दिया जाता है."

अधिकारियों का कहना है कि कागज़ात पर नब्बे दिनों के अंदर अंतिम हस्ताक्षर हो जाने चाहिए नहीं तो विवाह स्वतः ही ख़त्म हो जाएगा.

मान्यता के पूर्व पति भी इस शादी के ख़िलाफ़ पहले ही कोर्ट पहुँच चुके हैं. उन्होंने संजय दत्त के साथ मान्यता की शादी को 'अवैध' बताया है.

कोर्ट का चक्कर

मान्यता के पूर्व पति मेराज शेख़ ने शुक्रवार को बांद्रा की एक अदालत में याचिका दायर की. शेख पर कई अभिनेत्रियों को अश्लील एसएमएस भेजने और जबरन वसूली की धमकी देने का आरोप है.

उन्होंने अपनी याचिका में अनुरोध किया है कि संजय दत्त और मान्यता के खिलाफ ' मुस्लिम शादी नियम' को तोड़ने का मामला चलाया जाए.

जज पंकज शाह ने याचिका स्वीकार कर ली है. इस पर शनिवार को सुनवाई होगी.

संजय-मान्यता की शादी की तस्वीरें

मेराज ने याचिका में कहा है कि उसने 15 अप्रैल 2003 को मान्यता से शादी की थी और मान्यता से उसका एक ढाई साल का बेटा भी है.

उन्होंने माना है कि कि दोनों अलग-अलग रह रहे थे लेकिन उनके बीच तलाक नहीं हुआ है.

सादगी भरी शादी

पिछले दिनों संजय दत्त ने अपनी गर्लफ्रेंड मान्यता से हिंदू रीति-रिवाज़ से शादी कर ली थी. दोनों ने ये शादी मुंबई में अपने एक दोस्त के घर पर की.

आमतौर पर फ़िल्म अभिनेताओं की शादियों में काफ़ी शोर-शराबा और भीड़ रहती है, लेकिन इसके उलट इन दोनों की शादी बिल्कुल ही चौंकाने वाले अंदाज़ में और एकदम सादगी के साथ संपन्न हुई.

इससे पहले रविवार रात दोनों ने मेंहदी की रस्म भी पूरी की थी. संजय दत्त ने हल्के पीले रंग का कुर्ता पहन रखा था जबकि मान्यता ने गहरे लाल रंग की साड़ी.

इस मौक़े पर उनके कुछ क़रीबी दोस्तों के अलावा बाहर केवल मीडिया के ही लोग थे. इन दोनों के साथ संजय के मैनेज़र और उनके नज़दीकी दोस्त बंटी वालिया भी थे.

शादी के बाद संजय दत्त ने मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए कहा, "मैं बहुत ख़ुश हूँ और मैं आप सबका और अपने प्रशंसकों का शुक्रिया अदा करना चाहता हूँ."