सोमवार, 11 फ़रवरी, 2008 को 12:47 GMT तक के समाचार
दुर्गेश उपाध्याय
बीबीसी संवाददाता, मुबंई
पिछले कई महीनों से चली आ रही शादी की अटकलों को विराम लगाते हुए बॉलीवुड के फ़िल्म अभिनेता संजय दत्त ने अपनी गर्लफ्रेंड मान्यता से हिंदू रीति-रिवाज़ से शादी कर ली है.
दोनों ने ये शादी मुंबई में अपने एक दोस्त के घर पर की.
आमतौर पर फ़िल्म अभिनेताओं की शादियों में काफ़ी शोर-शराबा और भीड़ रहती है, लेकिन इसके उलट इन दोनों की शादी बिल्कुल ही चौंकाने वाले अंदाज़ में और एकदम सादगी के साथ संपन्न हुई.
इससे पहले रविवार रात दोनों ने मेंहदी की रस्म भी पूरी की थी. संजय दत्त ने हल्के पीले रंग का कुर्ता पहन रखा था जबकि मान्यता ने गहरे लाल रंग की साड़ी.
इस मौक़े पर उनके कुछ क़रीबी दोस्तों के अलावा बाहर केवल मीडिया के ही लोग थे. इन दोनों के साथ संजय के मैनेज़र और उनके नज़दीकी दोस्त बंटी वालिया भी थे.
इन दोनों की शादी की ख़बर के बाद बड़ी संख्या में मीडियाकर्मी उस इमारत के नीचे जुट गए. हर कोई दोनों को एक साथ देखने के लिए बेताब था.
क़रीब एक बजे दिन में शादी की सारी रस्में पूरी करने के बाद दोनों बाहर आए और मीडिया से रुबरु हुए.
प्रशंसकों का शुक्रिया
संजय काफ़ी ख़ुश दिखाई दे रहे थे. मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए संजय ने कहा, "मैं बहुत ख़ुश हूँ और मैं आप सबका और अपने प्रशंसकों का शुक्रिया अदा करना चाहता हूँ."
इस मौक़े पर वर-वधू को आशीर्वाद देने के लिए संजय के ख़ास दोस्त और मशहूर फ़िल्म अभिनेता सुनील शेट्टी और उनकी पत्नी माना भी पहुँचे.
बाद में मीडिया से बात करते हुए सुनील ने कहा, "मैं बहुत ख़ुश हूँ कि संजय ने शादी कर ली है, भगवान उनकी ज़िंदगी में ख़ुशियाँ ही ख़ुशियाँ दें."
लेकिन इस पूरे आयोजन में दत्त परिवार का कोई और सदस्य नज़र नहीं आया.
जब मैने सुनील शेट्टी से ये पूछा कि इस शादी को लेकर दत्त परिवार की क्या प्रतिक्रिया है तो उन्होंने कहा कि इस विषय में उनका बोलना उचित नहीं है और उन्हें अधिकार भी नहीं है.
अक्तूबर 2006 से साथ-साथ
पिछले कुछ महीनों से संजय और मान्यता की शादी की अफवाहें काफ़ी तेज़ी से फैल रहीं थीं.
अभी कुछ दिन पहले शिवसेना प्रमुख बाल ठाकरे के 82 वें जन्मदिन के मौक़े पर छपे एक विज्ञापन से इस चर्चा ने जोर पकड़ लिया था.
संजय दत्त और मान्यता अक्तूबर 2006 से एक साथ हैं और ऐसा कहा जा रहा है कि दोनों ने पहले ही गोवा में शादी कर ली थी.
संजय दत्त ने अभी कुछ ही दिन पहले अपनी पूर्व पत्नी रिया पिल्लई से तलाक़ की कार्रवाई पूरी की है.
मान्यता उर्फ शहनाज़ शेख़ पिछले कुछ महीनों से संजय के काफ़ी क़रीब रही हैं. ऐसा माना जाता है कि उन्होंने संजय को उनके अच्छे और बुरे दिनों में काफ़ी सहारा दिया.
यहाँ तक कि जब संजय को बहुचर्चित 1993 बम धमाकों के मामले में छह साल की सज़ा सुनाई गई थी तब भी मान्यता उनके साथ थीं.
जेल से जमानत पर रिहा होने के बाद भी मान्यता और संजय साथ-साथ दिखे. घर हो या कोर्ट या शूटिंग मान्यता हर जगह संजय के साथ देखी जातीं रहीं.
यह पूछने पर कि इस मौक़े पर वे मान्यता को क्या तोहफ़ा देना चाहेंगे, संजय दत्त ने मुस्कुराते हुए कहा- मैं ख़ुद इनके लिए एक बड़ा तोहफ़ा हूँ.