http://www.bbcchindi.com

रविवार, 10 फ़रवरी, 2008 को 18:01 GMT तक के समाचार

महँगा पड़ा हाथ मिलाना

हाथ मिलाना तो ठीक है लेकिन कैसे मिलाया ये भी मायने रखती है.

ये बात कोई उस अमरीकी वकील से पूछे जिन पर अपनी सहयोगी से हाथ मिलाने के आरोप में मुक़दमा दर्ज किया गया है.

वो इसलिए कि कैथी ब्रेवर रेंटास ने हाथ मिलाते समय सहयोगी वकील जेनिफ़र कीनी की जैसे जान ही निकाल दी.

इस घटना से ठीक पहले कीनी को रेंटास के पति को किसी मामले में दोषी ठहराने में मदद मिली थी.

ब्रेवर रेंटास के पति एंथनी रेंटास को कोकीन पहुँचाने का दोषी पाया गया और उन्हें तीन माह तक नज़रबंद रखने के आदेश दिए गए.

मामले की सुनवाई के बाद ब्रेवर रेंटास ने अभियोजन पक्ष की वकील जेनिफ़र कीनी से हाथ मिलाने का आग्रह किया.

लेकिन हाथ मिलाने के दौरान रेंटास ने कीनी के हाथ मरोड़ दिए और उन्हें नीचे की ओर ज़ोरदार तरीके से झटका दे दिया.

मामले के तुरंत बाद ब्रेवर रेंटास को गिरफ़्तार किया गया लेकिन एक दिन हिरासत में रखने के बाद उन्हें ज़मानत पर रिहा कर दिया गया है.

जानकारों का कहना है कि सरकारी वकील के साथ इस तरह के व्यवहार को गंभीरता से लिया जाएगा.