http://www.bbcchindi.com

मंगलवार, 05 फ़रवरी, 2008 को 23:25 GMT तक के समाचार

अदालत ने ब्रिटनी पर रिपोर्ट मांगी

अमरीका की एक अदालत ने चर्चित गायिका ब्रिटनी स्पीयर्स की मानसिक स्थिति की जाँच रिपोर्ट तलब की है.

ऐसा इसलिए किया गया है ताकि अदालत तय कर सके कि फिलहाल अस्पताल में इलाज करा रही ब्रिटनी को कबतक उसकी संपत्ति की ज़िम्मेदारी वापस न सौंपी जाए.

पिछले दिनों अदालत के आदेश पर विवादों से घिरी रहने वाली गायिका ब्रिटनी स्पीयर्स की संपत्ति की देखभाल की ज़िम्मेदारी उनके पिता को सौंपी गई है.

पॉप स्टार ब्रिटनी को शराब, नशीले पदार्थों का सेवन और निजी समस्याओं की शिकायत के बाद गुरुवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया था.

अदालत ने ब्रिटनी के पिता को उनका 'संरक्षक' नियुक्त किया था और ब्रिटनी की देखभाल की जिम्मेदारी भी उन्हें सौंप दी.

जो व्यक्ति खुद की देखभाल करने में असमर्थ होता है, अदालत उनके लिए संरक्षक नियुक्त करती है.

पर उनकी और उनकी संपत्ति की ज़िम्मेदारी कबतक उनके पिता के सुपुर्द रहे, इसके लिए अदालत ने ब्रिटनी की मनोवैज्ञानिक रिपोर्ट मांगी है.

रिपोर्ट की ज़रूरत

दरअसल, रिपोर्ट के आधार पर ही अदालत यह तय करेगी कि ब्रिटनी अपने हक़ के फ़ैसले ले पाने की स्थिति में हैं या नहीं.

इसके बाद ही अदालत उनकी संपत्ति की ज़िम्मेदारी वापस उन्हें सौंपेगी.

अदालत को इस मामले में 14 फरवरी को सुनवाई करनी है और अदालत ने कहा है कि तब तक उसे इस बारे में रिपोर्ट दे दी जानी चाहिए.

स्पीयर्स का फिलहाल यूएलसीए मेडिकल सेंटर में इलाज चल रहा है. एक महीने से भी कम समय में उन्हें दूसरी बार अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

उल्लेखनीय है कि पिछले साल अक्तूबर में अदालत ने ब्रिटनी से कहा था कि वह अपने दो छोटे बच्चों को अपने पूर्व पति को सौंप दे.

अदालत ने कहा था कि अगले आदेश तक दो साल के शॉन प्रेस्टन और एक वर्षीय जेडीन जेम्स को केविन फ़ेडरलाइन के हवाले कर दिया जाए.