शनिवार, 02 फ़रवरी, 2008 को 06:46 GMT तक के समाचार
अमरीकी अदालत के आदेश पर विवादों से घिरी रहने वाली गायिका ब्रिटनी स्पीयर्स और उनकी संपत्ति की देखभाल की ज़िम्मेदारी उनके पिता को सौंपी गई है.
पॉप स्टार ब्रिटनी को शराब, नशीले पदार्थों का सेवन और निजी समस्याओं की शिकायत के बाद गुरुवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया था.
अदालत ने ब्रिटनी के पिता को उनका 'संरक्षक' नियुक्त किया और ब्रिटनी की देखभाल की जिम्मेदारी भी उन्हें सौंप दी.
जो व्यक्ति खुद की देखभाल करने में असमर्थ होता है, अदालत उनके लिए संरक्षक नियुक्त करती है.
कोर्ट की कमिश्नर रेवा गोएत्ज़ ने अपने आदेश में कहा कि इस मामले की अगली सुनवाई 4 फरवरी को होगी और तब तक ब्रिटनी के पिता उनके संरक्षक होंगे.
संरक्षक होने के नाते ब्रिटनी के पिता को लोगों को ब्रिटनी के पास जाने से रोकने का अधिकार होगा.
स्पीयर्स का फिलहाल यूएलसीए मेडिकल सेंटर में इलाज चल रहा है. एक महीने से भी कम समय में उन्हें दूसरी बार अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
उल्लेखनीय है कि पिछले साल अक्तूबर में अदालत ने ब्रिटनी से कहा था कि वह अपने दो छोटे बच्चों को अपने पूर्व पति को सौंप दे.
अदालत ने कहा था कि अगले आदेश तक दो साल के शॉन प्रेस्टन और एक वर्षीय जेडीन जेम्स को केविन फ़ेडरलाइन के हवाले कर दिया जाए.