http://www.bbcchindi.com

गुरुवार, 31 जनवरी, 2008 को 09:53 GMT तक के समाचार

मैडोना दुनिया की सबसे अमीर गायिका

बिज़नेस वेबसाइट फ़ोर्ब्स डॉट कॉम के मुताबिक़ पॉप स्टार मैडोना सबसे अमीर महिला गायिका हैं.

वेबसाइट के सर्वेक्षण में शीर्ष 20 स्थानों पर रहने वाली महिला गायिकाओं ने जून 2006 से जून 2007 के दौरान कुल 42 करोड़ डॉलर की कमाई की.

वेबसाइट ने पहली बार संगीत उद्योग में महिलाओं को केंद्र में रखकर सूची तैयार की है. इस सूची के अनुसार 49 वर्षीय मौडोना ने जून 2006 से जून 2007 के बीच सात करोड़ दो लाख डॉलर जमा किया है.

वेबसाइट के अनुसार मैडोना ने अपनी कमाई का बड़ा हिस्सा दुनिया भर में कन्फ़ेशन्स टूर के ज़रिए कमाया है.

इस सर्वे में अमेरिका की गायिका बारबरा स्ट्राइसैंड दूसरे नंबर पर और उनके बाद सिलिन डियॉन हैं.

65 वर्षीय स्ट्राइसैंड इस सूची में सबसे उम्रदराज़ महिला हैं. उन्होंने वर्ष 2000 में संन्यास लेने के बाद वापसी की है और एक टूर से ही छह करोड़ डॉलर की कमाई कर ली.

तीसरे स्थान पर मौजूद डियॉन ने इस दौरान साढ़े चार करोड़ डॉलर कमाया है. डियॉन की इस कमाई का ज़्यादातर हिस्सा दिसंबर में लास वेगास में ख़त्म हुई कन्सर्ट की श्रृंखलाओं से आया है.

ग्रैमी पुरस्कार जीत चुकीं शकीरा चौथे पायदान पर और पॉप गायिका बेयॉन्स नॉलेस पाँचवें नंबर पर हैं.

इसके अलावा इस सूची में गायिका ग्वेन स्टेफ़ानी छठे, क्रिस्टीना आग्युलेरा सातवें, फेथ हिल आठवें, डिक्सी चिक्स नौवें और मारिया कैरे दसवें पायदान पर रखी गईं हैं.