http://www.bbcchindi.com

गुरुवार, 10 जनवरी, 2008 को 17:35 GMT तक के समाचार

दुर्गेश उपाध्याय
मुंबई से

जोधा-अकबर का इंतज़ार है दर्शकों को

फ़िल्म निर्देशक आशुतोष गोवारिकर की अगली फिल्म जोधा-अकबर 15 फ़रवरी को रिलीज़ होने जा रही है.

बुधवार को मुंबई के एक पांच सितारा होटल में धूमधाम से इस फ़िल्म का म्यूज़िक रिलीज़ किया गया. इस फ़िल्म का संगीत एआर रहमान ने दिया है.

जोधा-अकबर के प्रोमोज़ पहले से ही टीवी चैनल्स और सिनेमा घरों में दिखाए जा रहे हैं.

16वीं सदी की इस प्रेम कहानी में मुख्य पात्र अकबर की भूमिका ऋतिक रोशन ने निभाई है जबकि हिंदू राजकुमारी जोधाबाई की भूमिका पूर्व विश्वसुंदरी और बच्चन परिवार की बहू ऐश्वर्या राय बच्चन निभा रहीं हैं.

बादशाह अकबर ने अपने साम्राज्य का विस्तार अफ़गानिस्तान से लेकर पूर्व में बंगाल की खाड़ी तक और उत्तर में हिमालय से लेकर दक्षिण में गोदावरी तक किया था.

लेकिन माना जाता है कि अकबर ने भारत की सीमाओं पर क़ब्ज़ा कर लेने के बावजूद यहां के लोगों के साथ प्यार का रिश्ता जोड़ने में रुचि दिखाई.

फ़िल्म की कहानी

जोधा-अकबर फ़िल्म की कहानी मुग़ल सल्तनत के सबसे सफल शासक अकबर और राजपूत कन्या जोधाबाई के रिश्ते पर आधारित है.

इस फ़िल्म में ऋतिक की मेहनत कितना रंग लाती है ये तो फिल्म रिलीज़ होने के बाद ही पता चलेगा लेकिन कहा जा रहा है कि इस फिल्म की वेशभूषा से लेकर भाषा के उच्चारण तक उन्होंने विशेष सावधानी बरती.

इसीलिए पूरे हिंदी फ़िल्म जगत में उनकी इस भूमिका को लेकर चर्चा है और ऋतिक के प्रशंसक उन्हें एक नए रूप में देखने का इंतज़ार कर रहें है.

वहीं जोधा की भूमिका निभा रहीं ऐश्वर्या राय भी फ़िल्म के प्रोमोज़ में बहुत सुंदर दिख रहीं हैं. उम्मीद की जा रही है कि इस फिल्म में उनका अभिनय लाजवाब होगा.

ये देखना दिलचस्प होगा कि निर्देशक आशुतोष गोवारिकर 16वीं सदी की इस प्रेम कहानी को पर्दे पर कितनी गंभीरता और सफलता से उतार पाते हैं.

इससे पहले भी ऐश्वर्या राय अभिनीत उमराव जान में उनके अभिनय की तारीफ़ तो हुई थी लेकिन दर्शकों ने फ़िल्म को नकार दिया था और फ़िल्म बॉक्स ऑफ़िस पर औंधे मुंह गिर गई थी.